
बस एवं ट्रक की टक्कर में बस चालक की मौत, दो दर्जन घायल।

दरभंगा: दरभंगा- मुजफ्फरपुर मुख्य पथ एनएच 57 पर दरभंगा के शोभन चौक के पास बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हुई जिसमें बस ड्राइवर की मौत हो गयी। इस हादसे में लगभग दो दर्जन यात्री घायल हो गये जिन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन चौक के पास शनिवार की सुबह की है। घटना के बाद बस बुरी तरह से डैमेज हो गयी, जबकि ट्रक पलट गया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर सिमरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को डीएमसीएच पहुंचाया। बस चालक के शव को शुरुआती जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। उसकी पहचान कैमूर जिला के चयनपुर निवासी सैयद शमशाद (37) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि एतियाना ट्रैवेल कंपनी की बस सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर जा रही थी। सामने से आ रहा बालू लदा ट्रक एकमी बाईपास की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बस ट्रक से टकरा गयी।

