
रेलवे पुल पर पानी का दवाब बरकरार, पांचवें दिन भी ठप्प रही रेल सेवाएं।
दरभंगा:.समस्तीपुर दरभंगा रेलखंड पर हायाघाट थलवारा के बीच करेह नदी में रेल पुल पर लगातार पानी का दवाब बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण दरभंगा रेलखंड पर पांचवें दिन भी परिचालन बाधित रही। वहीं रेल पुल संख्या 16 पर पानी का दवाब बने रहने के कारण पांच सितंबर को उक्त रेलखंड की दस ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। डीआरएम आलोक अग्रवाल द्वारा जारी सूची के अनुसार समस्तीपुर दरभंगा समस्तीपुर सवारी गाड़ी, समस्तीपुर जयनगर समस्तीपुर स्पेशल, जयनगर भागलपुर जयनगर इंटरसिटी स्पेशल, जयनगर मनिहारी जयनगर जानकी एक्सप्रेस एवं जयनगर पाटलीपुत्र जयनगर स्पेशल ट्रेन का परिचालन पांच सितंबर को बंद रहेगा।
जबकि पांच सितंबर को जयनगर सियालदह एवं जयनगर राउरकेला को बरौनी से ही प्रस्थान किया जाएगा। छह सितंबर को ट्रेन संख्या 04673 जयनगर अमृतसर, ट्रेन संख्या 09466 दरभंगा अहमदाबाद एवं पांच सितंबर को ट्रेन संख्या 03136 जयनगर कोलकाता स्पेशल ट्रेन का परिचालन समस्तीपुर से ही किया जाएगा।
इसी प्रकार छह सितंबर को जयनगर एलटीटी पवन एक्सप्रेस को मुजफ्पुरपुर से परिचालन किया जाएगा। इसके अलावे बिहार संपर्क क्रांति, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, दरभंगा अमृतसर एक्सप्रेस, रक्सौल सिकंदराबाद एक्सप्रेस, मैसूर दरभंगा सहित 18 ट्रेनों का रुट डायवर्ट कर परिचालन किया जाएगा।

