Home Featured नये एसडीओ ने संभाला पदभार, कहा- अपनी कार्यशैली से बदलेंगे लोगों का नजरिया।
Featured - मुख्य - September 6, 2021

नये एसडीओ ने संभाला पदभार, कहा- अपनी कार्यशैली से बदलेंगे लोगों का नजरिया।

दरभंगा: सोमवार को दरभंगा सदर एसडीओ के पद पर 2019 बैच के आईएएस अधिकारी स्पर्श गुप्ता ने योगदान दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मिथिला क्षेत्र की खूबियों के बारे में उन्होंने बहुत कुछ सुना था। ये उनका सौभाग्य है कि उनकी पहली पोस्टिंग दरभंगा में हुई है। उन्होंने कहा कि वे बचपन से ही दृष्टिबाधित हैं। इसके बावजूद वे अपनी जिम्मेवारियों के निर्वहन के दौरान ऐसा रोल मॉडल पेश करेंगे जिससे आने वाले समय में लोग दिव्यांगजनों को उस नजर से नहीं देखेंगे कि इसमें कोई कमी है। उन्होंने कहा कि किसी आदमी के अंदर कोई कमी नहीं होती, ये अंदर की सोच पर निर्भर करता है। अगर वो उससे ऊपर उठ सके तो वो किसी भी पोजीशन को प्राप्त कर सकता है।

श्री गुप्ता ने कहा कि निवर्तमान एसडीओ राकेश गुप्ता को जिस प्रकार लोगों का सहयोग मिला, उम्मीद है कि उन्हें भी वैसा ही सहयोग मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर वे समाधान के लिए सदैव तत्पर हैं। कोई भी जरूरतमंद उनके सरकारी मोबाईल नम्बर पर संपर्क कर सकता है।

बताते चलें कि नवपदस्थापित सदर एसडीओ ट्रेनिंग के दौरान बेगूसराय में सहायक समाहर्ता सह दंडाधिकारी के पद पर तैनात थे। इधर, उनके योगदान के बाद लहेरियासरायस्थित परिसदन में निवर्तमान एसडीओ राकेश गुप्ता के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नवपदस्थापित एसडीओ स्पर्श गुप्ता का भी स्वागत किया गया। राकेश गुप्ता का तबादला उप सचिव, बिहार तकनीकी सेवा आयोग, पटना हो गया है।

Share