
पैसा लेन देन के विवाद में युवक को मारी गोली, दो गिरफ्तार।
देखिए वीडियो भी।

दरभंगा: दरभंगा में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। चोरी-लूट आदि के साथ साथ अब गोलीबारी भी आमबात होती जा रही है। वहीं खेत खलिहान से लेकर घर एवं वाहनों मे रखी दो चार लीटर शराब को भी खोज लेने वाली दरभंगा पुलिस खुलेआम अवैध हथियार रखने वालों को नही खोज पाती। अपराधी धड़ल्ले से पिस्टल लेकर चलते हैं और मामूली विवाद पर भी गोली चला देते हैं।
ताजा मामले में सदर थाना क्षेत्र के भेलुचक में लेन-देन को लेकर दो पक्षो में हिंसक झड़प के दौरान एक युवक को गोली मार दी गयी है। सोमवार की रात इस घटना में एक पक्ष के द्वारा गोलीबारी भी की गई, जिसमें एक युवक को
दो गोली लगी। घायल युवक का नाम शिवा कुमार पासवान है, जो सदर थाना क्षेत्र के भेलुचक का है। गंभीर स्थिति में शिवा को इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है कि शिवा पासवान का राजा साह, अभिषेक कर्ण और कुंदन महतो के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। इससे पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हो चुकी है। सोमवार की देर रात फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते फायरिंग हुई और दो गोली शिवा पासवान को लग गई।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने सदर थाना की पुलिस को दी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से अभिषेक कर्ण और राजा साह को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी कुंदन महतो फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और दो खोखा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।

