Home Featured प्रश्नपत्र आउट करने के आरोप में महाविद्यालय के सचिव एवं केंद्राधीक्षक के विरुद्ध प्राथिमिकी दर्ज।
Featured - मुख्य - September 7, 2021

प्रश्नपत्र आउट करने के आरोप में महाविद्यालय के सचिव एवं केंद्राधीक्षक के विरुद्ध प्राथिमिकी दर्ज।

दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन ने समस्तीपुर जिले के मथुरापुर घाट स्थित जेपी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के सचिव एवं केंद्राधीक्षक के विरुद्ध प्रश्नपत्र आउट करने के आरोप में मंगलवार को विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने लगातार प्रश्नपत्र वायरल होने के मद्देनजर चौकसी बरतने के लिए कुछ लोगों को खासतौर पर सतर्क कर दिया था।

गुप्त सूचना मिली कि जेपी बीएड कॉलेज परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र आउट हो रहा है। मंगलवार को जब विश्वविद्यालय का प्रतिनिधि परीक्षा केंद्र पर पहुंचा और प्रश्नपत्र का पैकेट मांगा तो कहा गया कि पैकेट आठ बजे सुबह ही खोल दिये गये थे। पैकेटों की जांच से पता चला कि एक पैकेट में 20 के बजाए 18 प्रश्नपत्र ही उपलब्ध थे और दो गायब थे। परीक्षा सुबह नौ बजे से शुरू होनी थी, इसलिए इतना पहले पैकेट खोलना नियम विरुद्ध था।

इसी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि दोनों अभियुक्तों में से एक का पाल्य परीक्षा में शामिल हो रहा है। कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कुलपति के आदेश से सचिव से शोकॉज किया गया है। उनसे पूछा गया है कि उनके कॉलेज का संबंधन क्यों नहीं रद्द कर दिया जाय और इसी सत्र से नामांकन पर रोक क्यों नहीं लगा दी जाय। कुलसचिव ने बताया कि कुछ और लोग इस कृत्य में संलग्न हैं जिनकी पहचान की जा रही है। शीघ्र ही उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share