Home मुख्य सदस्यता महाअभियान में विद्यार्थी परिषद ने अबतक बनाये दो हजार सदस्य, प्रेसवार्ता कर दी जानकारी।
मुख्य - September 7, 2021

सदस्यता महाअभियान में विद्यार्थी परिषद ने अबतक बनाये दो हजार सदस्य, प्रेसवार्ता कर दी जानकारी।

दरभंगा: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यता अभियान में शामिल होने आए प्रदेश सह संगठन मंत्री अजीत उपाध्याय ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय विचारधारा से छात्रों को जोड़ने से ही छात्रशक्ति संस्कारित परिवर्तनकारी राष्ट्रशक्ति बनेगी। स्वाधीनता के 75 वर्ष के अमृत महोत्सव के तहत इस सत्र में विद्यार्थी परिषद कई आयोजन करने वाला है। इसके माध्यम से अपने इतिहास की गौरव-गाथाओं व गौरवशाली संस्कृति से युवाओं को परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए प्रयास पर जोर दिया गया है। गरीब व वंचित समाज के बच्चों की शिक्षा-संस्कार के लिए ‘परिषद की पाठशाला को विस्तृत रूप देने, महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सम्बल के लिए ‘ऋतुमति अभियान व आत्मरक्षा के लिए ‘मिशन साहसी को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक समस्याओं तथा शैक्षिक संस्थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार, लव जिहाद, लैंड जिहाद, मतांतरण, रोजगार जैसे अन्य विषयों पर आवाज उठाने की योजना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तालिबान आदि बदलती परिस्थितियों का भारत पर प्रभाव और उसके अनुसार अराष्ट्रीय तत्वों के विरुद्ध समाज को जागरूक करते हुए संगठित करने को सेमिनार, संगोष्ठी, चौपाल आदि सहित विभिन्न कार्यक्रम भी परिषद आयोजित करने वाला है। स्थानीय कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला संयोजक उत्सव पराशर ने कहा कि इन सारे विषयों को ध्यान में रखकर अभाविप बिहार प्रदेश द्वारा एक से आरंभ होकर 15 सितंबर तक बिहार की सभी इकाईयों के शैक्षणिक संस्थानों में सदस्यता अभियान वृहद पैमाने पर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष अभाविप दरभंगा जिले के कार्यकर्ताओं ने यह तय किया है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से जिलेभर में 10 हजार छात्रों को संगठन से जोड़ा जाएगा।

प्रदेश सदस्यता सह प्रमुख पूजा कश्यप ने आठ सितंबर को सदस्यता महाअभियान के तहत दरभंगा में दो हजार छात्रों को जोड़ने की बात कही है। अब तक मात्र पांच दिनों में पूरे बिहार में 50 हजार से भी अधिक सदस्यता हुई है। जिला सदस्यता प्रमुख राहुल सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान में उन सभी छात्र-छात्राओं को संगठन से जुड़ने का अवसर मिलने वाला है जो राष्ट्रीय एकता व अखंडता के लिए जागरुकता अभियान, समाज में सेवा कार्य, ऑक्सीजन बढ़ाने के लिए पर्यावरण संरक्षण, जातीय विभेद दूर कर सामाजिक समरसता बनाने की लालसा रखते हैं। प्रेस वार्ता में नगर मंत्री बृजमोहन सिंह भी उपस्थित रहे। सदस्यता अभियान में प्रदेश सह मंत्री पूजा कश्यप, एलएनएमयू की निवर्तमान छात्रसंघ महासचिव प्रीति कुमारी, नगर सदस्यता प्रमुख कौशल झा, जिला सदस्यता सह प्रभारी सूरज ठाकुर, अमित शुक्ला, प्रिंस चौधरी, राघव आचार्य, शशिभूषण यादव, नितेश झा, वागीश कुमार झा, सावन कुमार झा, उज्जवल कुमार आदि सहभागी रहे।

Share