
यौन शोषण पर रोक लगाने केलिए वेबीनार का आयोजन।
दरभंगा: चुप्पी और शर्म के पर्दे में होने वाले यौन शोषण को रोकने के लिए मंगलवार को लहेरियासराय अवस्थित महारानी कल्याणी कॉलेज की एनएसएस इकाई तथा साक्षी संस्था के संयुक्त तत्वाधान में ऑनलाइन/ऑफलाइन मोड पर वेबीनार का आयोजन किया गया। वेबीनार कार्यक्रम की अध्यक्षता महारानी कल्याणी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ0 लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल ने की। युवा मामलों के मंत्रालय, एनएसएस के निदेशालय के निर्देश पर साक्षी संस्था की ओर से यह मुहिम चलाई जा रही है।
इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप मे मौजूद संस्था के सीनियर ट्रेनर अदिति किशोर ने कहा कि सामूहिक रूप से यौन शोषण पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है। समाज में जागरूकता का अभाव होने के कारण यौन शोषण नहीं रुक रहा है। इसे खत्म करने के लिए छात्र-छात्राओं का जागरूक होना आवश्यक है। इस दिशा में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे वह न केवल स्वयं बल्कि अपने समाज को भी जागरूक कर के बाल यौन शोषण पर रोक लगाएंगे। इस वेबीनार में स्वयंसेवको की बड़ी तादाद में उपस्थिति को उन्होंने एक सकारात्मक शुभ संकेत बताया।
महारानी कल्याणी कॉलेज की एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ0 प्रियंका राय ने कहा कि बाल यौन शोषण समाज के लिए एक अभिशाप है। हम सभी जानते हैं कि छात्र -छात्राएं अपने ही परिवार या समाज में सुरक्षित नहीं है। पाॅक्सो ( प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेस एक्ट, 2012) में बच्चों को यौन शोषण से सुरक्षित करने के लिए बनाया गया था इसके बावजूद यौन शोषण की समस्या थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस दिशा में एनएसएस और साक्षी संस्था की संयुक्त मुहिम न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य में भी कारगर होगी।
साक्षी संस्था के कॉर्डिनेटर राकेश कुमार ने बताया कि ‘रक्षित प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत बिहार में जागरूकता की मुहिम महाविद्यालयों से शुरू की गई है। इस शोषण पर अंकुश लगाने के लिए एनएसएस के स्वयंसेवकों से बातचीत करके उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वह इस मुहिम में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित कर पाए। देश भर में 40000 कॉलेजों में 40 लाख रक्षित तैयार किए जा रहे हैं। चूंकि भारत युवा नेतृत्व वाला देश है इसलिए हम आशा करते हैं कि एनएसएस और साक्षी संस्था की यह संयुक्त मुहिम स्वयंसेवकों की एक ऐसा रक्षित पुंज तैयार करेगा जो कि समाज में व्याप्त बाल यौन शोषण को समाप्त करेगा और ‘बाल- यौन- शोषण- मुक्त समाज’ की संकल्पना को वास्तविकता की जमीं पर साकार करेगा।
कार्यक्रम का समापन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ प्रियंका राय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।इस सेमिनार में महाविद्यालय की डाॅ0 सुनीता कुमारी, डाॅ0 गीतांजली चौधरी, डाॅ0 रीता कुमारी, डाॅ0 श्वेता शशी, डाॅ0 आलोक प्रभात आदि उपस्थित रहे।

