
मिल्क वैन एवं बाइक की टक्कर में एक की मौत, एक घायल।
दरभंगा: इनदिनों जिले में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ गयी हैं। प्रतिदिन कहीं न कहीं से सड़क दुर्घटना की खबर आती रहती है। मंगलवार की सुबह भी एक मिल्क वैन एवं पल्सर बाइक की।टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि एक युवती घायल हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जाले थानाक्षेत्र अंतर्गत जाले-अतरबेल सड़क पर कछुआ पंचायत के भीषम टोला अजय चौक के पास मंगलवार की सुबह छह बजे सुधा डेयरी की मिल्क वैन और पल्सर बाइक में जोरदार की टक्कर हुई । इस घटना में बाइक चालक 30 वर्षीय अलीमुल्लाह उर्फ जुगनू की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार 20 वर्षीया राबिया खातून गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोघड़ा गांव निवासी पूर्व मुखिया शरफराज अंसारी का भतीजा अलीमुल्लाह अपनी भांजी राबिया को बीए पार्ट वन की परीक्षा दिलवाने के लिए बाइक से लहेरियासराय स्थित डॉ. जाकिर हुसैन टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज केंद्र पर ले जा रहे थे। बाइक से आगे दरभंगा के लिए एक बस जा रही थी। घटनास्थल के पास बस से आगे निकलने के लिए अलीमुल्लाह ने ज्यों ही
बाइक को आगे बढ़ाया कि अतरबेल की ओर से तेज गति से जाले की ओर जा रही सुधा डेयरी की मिल्क वैन से बाइक में जोरदार की टक्कर लग गई। बस आगे निकल गई। मिल्क वैन चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर भाग निकला।
घटनास्थल से दोनों को दरभंगा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां अलीमुल्लाह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। जख्मी राबिया का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं सुधा डेयरी के मिल्क वैन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस घटना के दौरान मिल्क वैन हाई टेंशन बिजली के ट्रांसमिशन लाइन के एक पोल से सट गई। इस वजह से बिजली का एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया। मिल्क वैन करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बची। अलीमुल्लाह दोघड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया शरफराज अहमद अंसारी का भतीजा और स्व. मौलाना अब्दुल कादिर जिलानी का इकलौता पुत्र था। वह सऊदी अरब में रहता था। लॉकडाउन की वजह से वह घर पर ही रह रहा था।

