
शहर के 12 केंद्रों पर इंटीग्रेटेड बीएड में नामांकन केलिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न।

दरभंगा: रविवार को शहर के 12 केंद्रों पर चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2021 शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन 11 से एक बजे तक किया गया। इस परीक्षा के लिए 5061 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें 2500 महिलाएं व 2561 पुरुष हैं। इनमें से परीक्षा में कुल 3169 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिसमें 1533 महिला व 1636 पुरुष थे। इस प्रकार 62.62 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 सुरेंद्र प्रताप सिंह, कुलसचिव प्रो0 मुश्ताक अहमद और राजभवन से आए विशेष पर्यवेक्षक राजकुमार सिन्हा ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन पर सभी पदाधिकारियों ने संतोष जताया। कुलपति ने राज्यपाल सह कुलाधिपति द्वारा लनामि विवि को लगातार दूसरी बार परीक्षा के आयोजन के लिए नोडल विश्वविद्यालय नामित करने पर आभार प्रकट किया। उन्होंने परीक्षा कार्य में शामिल हुए पर्यवेक्षक, केंद्राधीक्षक, निरीक्षक और जिला प्रशासन का आभार प्रकट किया।
प्रो0 सिंह ने कहा कि 16 सितंबर तक परीक्षा का परिणाम प्रकाशित कर दिया जाएगा। इसके बाद नामांकन के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी।
बताते चलें कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया में कोविड-19 गाइडलाइन का पालन किया गया। भीषण गर्मी और तीक्ष्ण धूप के बावजूद अभ्यर्थियों ने अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर सुबह नौ बजे से पहले पहुंचना शुरू कर दिया था। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की फेशियल बायोमेट्रिक से भी उपस्थिति दर्ज कराई गई। मास्क पहनकर ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया।

