
लूट की बाइक और हथियार के साथ चार गिरफ्तार।
देखिए वीडियो भी।

दरभंगा: दरभंगा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के भालपट्टी ओपी अंतर्गत फोर लेन पर अपराध की योजना बना रहे आठ में से चार अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि चार अपराधी भाग निकले। गिरफ्तार अपराध कर्मियों के पास से दो पिस्टल तथा चार गोली भी बरामद हुई है। साथ ही लूट की दो बाइक भी बरामद हुई है। इसके अलावा इनके पास से मिले 5 मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।
गिरफ़्तार किये गए चारों अपराधकर्मी मधुबनी जिले के रहने वाले हैं। इनकी पहचान खजौली थानाक्षेत्र के सुखी गांव निवासी आशीष कुमार झा उर्फ बमबम, कनौली मल्लिक टोल निवासी पवन कुमार साहनी, मनीयरवा निवासी किशन कुमार यादव उर्फ कृष्णा यादव तथा राजनगर थाना क्षेत्र के केवलपट्टी निवासी निशांत कुमार झा के रूप में हुई है।
इस संबंध में सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी बाबूराम ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत 4 सितंबर की रात्रि मनीगाछी थानाक्षेत्र के मकरंदा निवासी रंजन कुमार मिश्रा अपने पल्सर बाइक से अपने घर दरभंगा जा रहे थे। उसी क्रम में रात्रि करीब सवा दस बजे भालपट्टी ओपी अन्तर्गत भालपट्टी ओपी से लगभग 150 मीटर आगे दो पल्सर मोटरसाईकिल पर सवार चार अपराधकर्मियों द्वारा रंजन कुमार मिश्रा को ओवरटेक कर धक्का देकर गिरा दिया गया तथा पिस्तौल का भय दिखा कर उनकी पल्सर मोटरसाईकिल, आठ हजार रूपया नगद एवं एक मोबाईल रिडमी कम्पनी का लूट लिया गया। इस घटना के संबंध में घटना के अगले दिन ही सदर ( भालपट्टी ) थाना कांड संख्या 376/21 दर्ज किया गया।
एसएसपी ने कहा कि घटना के बाद तकनीकी शाखा के सहयोग से इस घटना के अनुसंधान के क्रम में आठ अपराधकर्मियों की पहचान की गयी। इसी क्रम में रविवार को गुप्त सूचना मिली कि ये सभी अपराधकर्मी पुनः किसी दूसरे घटना को अंजाम देने के लिए योजना बना रहे है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनिकी शाखा के पुलिसकर्मियो, भालपट्टी ओपी एवं सिंहवाड़ा थाना के सहयोग से छापामारी कर कांड में शामिल चार अपराधकर्मियों को भालपट्टी ओपी क्षेत्र के मुरिया मोड़ बगीचा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया तथा शेष चार अपराधकर्मी भागने में सफल हो गये।
पकड़े गये अपराधकर्मी पवन कुमार सहनी ने पूछताछ में बताया कि ये लोग संगठित होकर हाइवे एवं अन्य क्षेत्रों में लूट की घटना करते थे। जांच के क्रम में पता चला है कि उक्त अपराधकर्मी दरभंगा तथा मधुबनी जिला में कई लूट की घटना में संलिप्त रहे है।

