
कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित हुई राष्ट्रीय सेवा योजना सलाहकार समिति की बैठक।
दरभंगा: सोमवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 सुरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना कोषांग के तत्वावधान राष्ट्रीय सेवा योजना सलाहकार समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता कुलपति सुरेंद्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में वर्ष 2021-22 के लिए 42,64,700 लाख का बजट पारित किया गया। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर छात्र-छात्राएं स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बनते हैं। सेवाभाव से जुड़कर स्वयं के अंदर विभिन्न प्रकार की कलाओं को निखार कर स्वयं को राष्ट्र एवं विश्व पटल पर स्थापित करते हैं। सभी कालेज इकाइयों द्वारा प्रत्येक गोद लिए गए मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालयों में स्वयंसेवकों का समूह बनाकर शैक्षणिक कार्यों में अपना श्रमदान करना चाहिए। मिथिला विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना कोषांग के माध्यम से चारों जिले में अमृत महोत्सव व विश्वविद्यालय के 50 वें स्थापना दिवस पर विभिन्न प्रकार के समाज उपयोगी कार्यक्रम का आयोजन करेगा।
मिथिला विवि की एनएसएस इकाई ने किए बेहतर कार्य एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक (बिहार-झारखंड) पीयूष परांजपे ने कहा कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय
की एनएसएस इकाई ने जिस प्रकार से केंद्र व राज्य सरकार द्वारा निर्देशित कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया है, वह सराहनीय है।
कुलसचिव मुश्ताक अहमद ने राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा कार्यान्वित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों पर प्रकार डाला। सभी उपस्थित सदस्यों को आश्वासन प्रदान किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन सदैव राष्ट्रीय सेवा योजना की क्रियाओं में ससमय अपना योगदान प्रदान करेगा। कहा कि कालेज एवं विश्वविद्यालय इकाइयों द्वारा आयोजित सभी प्रकार के कार्यक्रमों के विस्तृत डॉक्यूमेंट के माध्यम से कालेज एवं विश्वविद्यालय में प्रचार प्रसार किया जाए।
बैठक में वित्त पदाधिकारी कैलाश राम, युवा अधिकारी डा. प्रियव्रत मंडल, हिदी विभागाध्यक्ष राजेंद्र साह, राज्य समन्वयक प्रभात दास फाउंडेशन मुकेश कुमार झा, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष एके बच्चन, मारवाड़ी कालेज के प्राचार्य डा. फूलो पासवान, जेएन कालेज मधुबनी के प्राचार्य डा. लक्ष्मीकांत मिश्रा, वुमेंस कालेज समस्तीपुर प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा, छात्र कल्याण अध्यक्ष विजय कुमार यादव, एनसीसी कमांडिग आफिसर कर्नल आरके रेड्डी, कार्यक्रम पदाधिकारी डा. अखिलेश राठौर, सोनी शर्मा, मुकेश कुमार झा व अमरजीत उपस्थित थे। बैठक का संचालन विश्वविद्यालय समन्वयक डा. आनंद प्रकाश गुप्ता कर रहे थे। धन्यवाद ज्ञापन डा. विनोद बैठा ने किया।

