
एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में फेल छात्रों के प्रदर्शन की वजह से डीएमसीएच ओपीडी रहा ठप।
दरभंगा: एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में फेल डीएमसीएच के छात्रों के प्रदर्शन की वजह से सोमवार को ओपीडी ठप रहा, जिसके कारण करीब 2000 मरीजों को बिना इलाज कराए लौटना पड़ा। इसमें करीब 300 मरीज अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके थे। इसमें मात्र 150 का इलाज हुआ। अन्य का इलाज नहीं हो सका।
दरअसल सुबह 8 बजे जैसे ही ओपीडी में मरीजों का रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ, 45 मिनट के बाद आक्रोशित छात्रों ने आकर काउंटर को बंद करा दिया। इस दौरान वरीय चिकित्सक डॉ. ओपी गिरि छात्रों को समझाने की कोशिश की। लेकिन छात्र नहीं माने और ओपीडी को सुबह 10:20 बजे पूरी तरह से बंद करा दिया। बताया जाता है कि एमबीबीएस 2019 बैच के छात्रों की परीक्षा बीते मार्च में हुई थी। 30 अगस्त को परिणाम घोषित किया गया। इसमें 120 छात्रों में से 50 छात्र अलग-अलग विषय में फेल हो
गए। उनका गुस्सा परीक्षा परिणाम के 14 दिन बाद भड़का और वे प्रदर्शन के दौरान अस्पताल में इलाज की व्यवस्था को बाधित कर दिया। छात्रों का कहना था कि एकेयू के परीक्षा नियंत्रक राजीव रंजन के कहने पर आरटीआई दाखिल कर देखा तो, पाया गया कि उत्तर सही है, परंतु नंबर नहीं दिया गया है, और नॉट अटेम्टेड लिख दिया गया।
छात्रों का कहना है कि ऐसे में सेकंड ईयर की 6 माह की पढ़ाई बेकार हो गई। ये 6 माह कौन लौटाएगा। छात्रों का कहना है कि जल्दबाजी में विवि ने 27 सितंबर को सप्लिमेंटरी की परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी। काॅपी को फिर से जांच कराई जाए और उसके आधार पर नंबर देकर छात्रों को पास किया जाए। जब तक हमारी मांगों को नहीं मान लिया जाता है, तो ओपीडी बंद रहेगा।

