
16 को दरभंगा आएंगे उपेंद्र कुशवाहा, तैयारियों को लेकर फातमी ने की प्रेस वार्ता।

दरभंगा: पूर्व केंद्रीय मंत्री जदयु के वरिष्ठ नेता अली अशरफ फातमी ने कहा कि 16 सितंबर को बिहार यात्रा के तहत जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा का भव्य अभिनंदन होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। ये बातें श्री फातमी ने मंगलवार को खाजासराय स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही।
उन्होंने कहा कि वे पिछले दो सप्ताह से लगातार दर्जनों बैठकें कर चुके हैं,कार्यकर्ताओं में काफी जोश है। श्री फातमी ने बताया कि उपेन्द्र कुशवाहा 11:30 बजे सकरी पहुंचेंगे जहां पूर्व विधायक डॉ फराज फातमी उनका स्वागत करेंगे। वहां से दहोड़ा, नारायणपुर, लुहुआ चौक, धरौड़ा, बहेड़ी, सुरहाचट्टी होते हुए मेरे खाजासराय कैम्पस में 5 बजे पहुंचेंगे वहीं पर सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे वैक्सीनेशन सेंटर एवं कोरोना मृत परिवार से भी मिलेंगे। श्री फातमी ने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा सरकार और संगठन के कामों का जमीनी स्तर पर जायजा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अन्य राज्यों की तुलना में तेजी से तरक्की कर रहा है। मिथिलांचल व दरभंगा के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। दरभंगा में हो रहे तीन बड़े कामों के लिए नीतीश जी का शुक्रिया अदा करता हुं जिसमें पहला दरभंगा एयरपोर्ट का चालू होना, दूसरा एम्स के लिए भूमि अधिग्रहण एवं तीसरा भारत माला परियोजना के तहत औरंगाबाद से पटना – समस्तीपुर होते हुए दरभंगा तक नई सड़क की स्वीकृति है। वे दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की मांग किये है और प्रयास भी कर रहा हूं।

