
पुलिस को चकमा देकर थाना की हाजत से आरोपी फरार।
दरभंगा: जिले के भालपट्टी ओपी की पुलिस की हिरासत से मंगलवार की सुबह एक आरोपित चौकीदार को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान मुड़िया निवासी मो कफील के रूप में हुई है। कफील सदर प्रखंड का पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष है।
उसके खिलाफ मुडिया गांव के नेसार अहमद को रंगदारी नहीं देने के कारण जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी करने का आरोप है। बताया जाता है कि उसी मामले में सीआईटी की टीम ने सोमवार की रात कफील को गिरफ्तार कर भालपट्टी ओपी को सौंप दिया। मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे कफील ने शौच जाने की बात पुलिस को बताया।
उसे शौच ले जाने के लिए हाजत खोला जा रहा था। हाजत का गेट खुलते ही उसने तेजी से चौकीदार को धक्का देकर भाग गया। हाजत से आरोपी के भाग जाने पर थाना में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी की पुन: गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जगह छापेमारी की। लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका। ओपी प्रभारी शशि भूषण सिंह ने बताया कि हाजत से भागने को लेकर कफील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है

