
चुनाव प्रशिक्षण में अनुपस्थिति रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध दर्ज कराई जाएगी प्राथमिकी : डीएम
दरभंगा: पंचायत चुनाव को लेकर कर्मियों के प्रशिक्षण में कई कर्मियों की लगातार अनुपस्थिति पाई जा रही है। साथ ही अनेक संस्थानों से नियंत्री पदाधिकारियों ने अपने कर्मियों को पंचायत चुनाव कार्य से विमुक्त करने के लिए आवेदन दिया जा रहा है।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव संबंधित प्रशिक्षण एवं पंचायत चुनाव कार्यों में अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उनकी निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों के नियंत्री पदाधिकारी अपने कर्मियों को चुनाव कार्य से विमुक्त करने के अनुरोध पत्र भेज रहे हैं। इस संबंध में स्पष्ट करना है कि पंचायत चुनाव एक वैधानिक कार्य है, इसलिए चुनाव कार्य से विमुक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि असाध्य रोग, दुर्घटना, विकलांगता एवं अन्य बीमारी के आधार पर चुनाव कार्य से विमुक्त होने के लिए जिन कर्मियों के द्वारा आवेदन दिया गया है। उनके लिए जिला स्तर पर मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है।

