
रोड क्रॉसिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को कार ने रौंदा, एक की मौत।
दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर के पास एनएच 57 पर रविवार की देर शाम रोड क्रॉसिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को एक कार ने रौंद दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे लहेरियासराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मृतक की पहचान बेला गोपालपुर निवासी विनोद पासवान के 20 वर्षीय पुत्र विजय पासवान के रूप में की गई है। घायल की पहचान दिलीप पासवान के 21 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में कई गई है। संदीप भी बेला गोपालपुर का ही रहने वाला है। परिजन रत्नेश ने बताया कि गांव में भोज था। हम लोग वहीं थे। तभी कई लोग हल्ला करते हुए आये और दुर्घटना के बारे में बताया।
इसके बाद तो हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि एनएच पर एक कार के नीचे मोटरसाइकिल फंसी हुई है और दो युवक खून से लथपथ सड़क पर पड़े हैं। दोनों को ग्रामीणों के सहयोग से हॉस्पिटल लाया जा रहा था तो रास्ते में ही विजय पासवान की मौत हो गई। संतुष्टि के लिए विजय को डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल से कार चालक फरार हो गया। मौके पर सदर थाने की पुलिस ने पहुंचकर कार को जब्त कर लिया। कार के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है।

