
डीएमसीएच के शिशु रोग वार्ड में आक्सीजन गैस प्लांट का कार्य संपन्न।
दरभंगा: कोरोना की तीसरी तहर के मद्देनजर दरभंगा मेडिकल कालेज अस्पताल के शिशु रोग वार्ड में रविवार को आक्सीजन गैस प्लांट का कार्य संपन्न हो गया। एक दर्जन मरीजों के लिए नया बेड लगाया गया है। नए बेड पर आक्सीजन गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन दिया गया है। इसका उपयोग कोरोना के संक्रमित मरीजों के लिए किया जाएगा।
यह प्लांट वातावरण से ऑक्सीजन प्राप्त कर उसे मरीजों तक पहुंचाने में सक्षम है। वेंटिलेटर के सहारे संक्रमित मरीजों को आक्सीजन दी जाएगी। अब बस इंतजार है, इस प्लांट के ट्रायल का। इस प्लांट के ट्रायल के लिए पुणे से इंजीनियर यहां पहुंचेंगे। बता दें कि अक्टूबर और नवंबर से बच्चों में कोरोना के संक्रमण फैलने की आशंका जताई गई है।
इस आक्सीजन गैस प्लांट को चालू करने के लिए डा. ओम प्रकाश ने महराष्ट्रा के पुणे की एक एजेंसी से बात की है। बताया गया हैं कि दो-तीन दिनों के भीतर एजेंसी के इंजीनियर दरभंगा पहुंचेंगे। इंजीनियर के पहुंचने के बाद इसका ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद वायुमंडल से उत्पादित आक्सीजन गैस के नमूने की गुणवत्ता की जांच के लिए प्रायोगशाला में भेजा जाएगा। इसकी गुणवत्ता की जांच के बाद ही मरीजों तक इसे पहुंचाया जाएगा। तत्काल शिशु रोग वार्ड के हरेक बेड पर मरीजों को गैस की आपूर्ति पाइप लाइन से होगी।
इंजीनियर राहुल भुटानी ने बताया कि तत्काल सभी सिलेंडर को मेनिफोल्ड से जोड़ दिया गया है। जब प्लांट चालू होगा तो मेनिफोल्ड का कनेक्शन आक्सीजन गैस प्लांट से जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद गैस सिलेंडर से अपूर्ति बंद हो जाएगी।

