
हायाघाट के नदी में मिली समस्तीपुर के युवक की लाश, 17 सितंबर को दर्ज किया गया था गुमशुदगी का मामला।
दरभंगा: हायाघाट थाना क्षेत्र के बेता गांव के स्लूईस गेट के पास रविवार की शाम करेह नदी में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पाई गई। उसका सिर एवं हाथ नीचे पानी में समाए हुए थे एवं शर्ट व पेंट पानी में तैर रहे थे। लोगों ने स्थानीय थाना को इस बात की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे हायाघाट थाना की पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलवाकर शव को बाहर निकलवाया।
थानाध्यक्ष तारीक अनवर अंसारी ने बताया कि युवक का शव नदी से निकालने के बाद कई लोगों से इसकी पहचान कराई गई। पहले तो कोई नहीं पहचान पाए।
बाद में समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना से फोन आया कि शव की शिनाख्त हो चुकी है। शव समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के रमणी बसनपुर गांव के 22 वर्षीय नीतीश मंडल की पहचान हुई। मृतक के परिजनों ने 17 सितंबर की रात गुमशुदगी का मामला थाना में दर्ज किया था। थाना अध्यक्ष ने कहा कि अग्रिम कार्रवाई करते हुए वारिसनगर थाना को शव सिपुर्द कर दिया गया है।

