
त्रिपुरा में सीपीआइएम कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले के खिलाफ माकपा प्रदर्शन।
दरभंगा: त्रिपुरा में सीपीआइएम कार्यकर्ता नेता एवं कार्यालयों पर हो रहे हमले के खिलाफ माकपा की जिला कमेटी की ओर से सोमवार को प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च पोलो मैदान से चलकर आयुक्त कार्यालय समाहरणालय, लहेरियासराय टावर,लोहिया चौक होते हुए पुन: लहेरियासराय टावर पहुंचा। टावर पर सीपीआइएम जिला सचिव मंडल सदस्य सदस्य दिनेश झा की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीपीआइएम राज्य मंडल सदस्य ललन चौधरी ने कहा कि त्रिपुरा में सत्ताधारी दल के द्वारा सुनियोजित ढंग से सीपीआइएम दफ्तर, नेता एवं कार्यकर्ताओं पर हिसात्मक हमले किए जा रहे हैं।
इसमें संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग की। सीपीआइएम राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने कहा कि त्रिपुरा में लोकतंत्र पर हमले किए जा रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सीपीआइएम की आवाज को हिसा के द्वारा दबाने की कोशिश की जा रही है। वहां की सरकार हमलावरों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जनतांत्रिक तरीके से विरोध जता रहे सीपीआईएम कार्यकर्ताओं नेताओं पर पुलिस के मिलीभगत से झूठे मुकदमे कर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।
जिला सचिव मंडल सदस्य राम सागर पासवान व दिलीप भगत ने कहा कि फासिस्ट के द्वारा जनता के जनवादी अधिकारों एवं जनतंत्र पर किए जा रहे हमले के खिलाफ हमारी पार्टी संघर्ष तेज करेगी। सभा को सीपीआइएम जिला सचिव मंडल सदस्य नरेंद्र मंडल, गोपाल ठाकुर, लालबाबू साहनी, रामधनी झा, सुबोध चौधरी, राम सागर पासवान, दिलीप भगत, ललन यादव, नीरज कुमार, शीला देवी, तबस्सुम, रानी देवी, राधा देवी, सुनीता देवी, सत्यनारायण पासवान, अरुण पासवान आदि ने संबोधित किया।

