
वंडर एप से मातृत्व मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर में आएगी काफी कमी : डा. रोड्रिको
दरभंगा: जिला में शुरु किए गए वंडर एप का दरभंगा में बेहतर प्रयोग किया जा रहा है। निश्चित रूप से इससे मातृत्व मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर में काफी कमी आएगी। उपरोक्त बातें विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डा. रोड्रिको एच ऑफरिन ने कही। वे मंगलवार को समाहरणालय स्थित आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान डीएम ने जिले में वंडर एप के द्वारा किए जा रहे कार्यों को पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दिखाया। उन्होंने बताया कि वंडर एप में गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका निबंधन किया जाता है। उनकी चिकित्सीय जांच की जाती है तथा चिकित्सीय इतिहास एवं अद्यतन चिकित्सीय जांच प्रतिवेदन को वंडर एप पर अपलोड किया जाता है।
इसके लिए चिकित्सकों, सभी एनएनएम, सेविका-सहायिका एवं आशा कार्यकत्र्ताओं को प्रशिक्षण दिलाया गया है। इस एप में तीन वर्ग निर्धारित है। एक सामान्य गर्भवती महिलाओं के लिए, दूसरा हल्की चिकित्सीय समस्या वाली गर्भवती महिला तथा तीसरा गंभीर चिकित्सीय समस्या वाली गर्भवती महिला में रखा जाता है। जैसे ही किसी गर्भवती महिला को रेड ग्रुप में डाला जाता है, संबंधित चिकित्सक एवं पारा मेडिकल कर्मी के मोबाइल पर अलर्ट जारी हो जाता है। इस प्रकार गंभीर समस्याग्रस्त गर्भवती महिला का इलाज ससमय शुरु हो जाता है। यदि प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पर स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाती है तो उस मरीज को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल विशेष एंबुलेंस के माध्यम से रेफर कर दिया जाता है।
इसके पूर्व वंडर एप पर इलाज से संबंधित वांछित जानकारी अपलोड कर दी जाती है। इस एप के आ जाने से जिले के मातृत्व मृत्यु दर में बेहद कमी आई है। इससे पूर्व डीएम ने डा. रोड्रिको एच ऑफरिन एवं सदस्यों को पाग पहनाकर सहित मिथिला पेटिग भेंट कर उनका स्वागत किया। मौके पर सहायक समाहत्र्ता अभिषेक पलासिया, सिविल सर्जन डा. अनिल कुमार, डीपीएम (हेल्थ) विशाल कुमार, केयर इंडिया की जिला समन्वयक डा. श्रद्धा झा एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

