Home Featured डीएम-एसएसपी ने किया वज्रगृह का निरीक्षण।
Featured - मुख्य - September 22, 2021

डीएम-एसएसपी ने किया वज्रगृह का निरीक्षण।

दरभंगा: पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में 29 सितंबर को बेनीपुर एवं अलीनगर प्रखंड में पंचायत चुनाव के बाद पोल्ड ईवीएम एवं मतपत्र पेटी बाजार समिति स्थित वज्रगृह में जमा किया जाएगा। ईवीएम एवं मतपेटी रखने के लिए बनाए जा रहे अलग-अलग काउंटर एवं प्रत्येक पंचायत के वार्डवार रखने के लिए बनाए जा रहे कक्ष व वज्रगृह का जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम व एसएसपी बाबूराम ने अवलोकन किया। दोनों पदाधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ वज्रगृह की तैयारी की समीक्षा की तथा एक-एक बिंदु पर जानकारी प्राप्त की।

डीएम ने कहा कि ईवीएम एवं मतपेटिका प्राप्ति के समय संबंधित निर्वाची पदाधिकारी संबंधित प्रखंड के वरीय पदाधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे और जबतक सभी वार्ड पंचायत की ईवीएम नहीं आ जाती है, तब तक वज्रगृह नहीं छोड़ेंगे। एक वरीय उप समाहर्ता को भी प्रखंड वार प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने वज्रगृह के प्रभारी को कहा कि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति वज्रगृह में प्रवेश नहीं करे इसे सुनिश्चित किया जाए तथा सभी प्रतिनियुक्त कर्मी पहचान पत्र के साथ ही वज्रगृह में रहेंगे।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी आलोक राज एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share