
नगर निगम की नाकामी के कारण 24 घण्टे की बारिश ने फिर शहर को कर दिया पानी पानी।
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: लगातार शहर को डूबने से बचाने के दावे नगम निगम द्वारा किये जाते हैं। लाखों करोड़ों ख़र्च किये जाते हैं। फिर भी शहर डूबता है। शहर के डूबने पर भी जनप्रतिनिधियों को शायद चुल्लू भर पानी नही मिलता, जिसमे वे शर्म से डूब मरें।
एकबार फिर पिछले 24 घंटे से हाे रही झमाझम बारिश ने लाेगाें का जीना मुहाल कर दिया है। शहर की मुख्य सड़काें से लेकर गली माेहल्लाें में पानी लबालब भरा हुआ है। उधर मौसम विभाग का रेड अलर्ट अब भी बरकरार है। जलनिकासी के अभाव में नगर निगम मुख्यालय की चारों ओर सड़क पर करीब दो से तीन फीट पानी है। जलजमाव के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। शहर की कई सड़कों पर 5 से 6 सौ मीटर की दूरी में डेढ़ से दो फीट जलजमाव है।
मार्केट की स्थिति ऐसी है कि दुकानों में पानी प्रवेश कर जाने के कारण दुकानदार दिन भर सामान बेचने से ज्यादा सामान बचाने को परेशान दिखे। शहर की दोनों मुख्य सड़कों पर भी कई स्थानों पर जलजमाव के कारण लोगों का चलना दुश्वार हो गया है। दरभंगा टावर की चारों ओर
जलजमाव के कारण लोगों का आना-जाना दुश्वार बना हुआ है। कटकी बाजार, बाकरगंज जैसे मार्केट की दुकानों के दुकानदार दुकानाें में घुसे पानी को निकालते रहे। लोगों का कहना है कि बिना प्लानिंग के नगर निगम कार्य करता है। लाखों रुपए पिछले कुछ दिनों में नाला निर्माण के नाम पर खर्च कर दिया गया।
लेकिन समस्या घटने की जगह बढ़ती ही जा रही है। वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4 में करीब 15 से 20 मोहल्ले में जलजमाव से हजाराें की आबादी प्रभावित है।
इन इलाकों में अत्यधिक जलजमाव बलभद्रपुर, आरएस टैंक नवटोलिया, बंगाली टोला, जीएनगंज, लहेरियासराय गुदड़ी, बाकरगंज मोहल्ला, सराय सत्तार खां, इमामबाड़ी, भठियारी सराय, गायत्री मंदिर के निकट दलित बस्ती, बेंता, बैंकर्स कोलोनी, मदारपुर, मिश्रटोला, सहनी टोला, लालबाग, सेनापथ मोहल्ला, पुरानी मुंसफी, उर्दू बाजार, कटकी बाजार, गांधीनगर कटरहिया के अलावा वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 8 और 17 के 25 से 30 मोहल्ले बारिश के पानी से सर्वाधिक प्रभावित हैं।
लहेरियासराय में स्वीट होम मोड़ से जीएनगंज होते हुए दारू भट्टी जाने वाली सड़क पर करीब 5 से 6 सौ मीटर तक जलजमाव था। मार्केट की दुकानों में पानी प्रवेश कर जाने से दुकानदार दिनभर दुकानों से पानी निकालने में
लगे रहे। दुकानदार केदार कुमार, राजीव कुमार, सोहन लाल आदि ने कहा कि जलजमाव से काफी नुकसान सहना पड़ रहा है। दुकानों में रखा सामान खराब हो गया। जलजमाव के कारण दिनभर की दुकानदारी चौपट होने से काफी नुकसान हुआ है। नगर निगम स्थायी तौर पर कुछ करे। नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

