
वोटिंग के दौरान लाठीचार्ज से मची भगदड़ में एक की मौत, प्रशासन द्वारा लाठीचार्ज की पुष्टि नही।
दरभंगा: जिले के मनीगाछी प्रखंड अंर्तगत वाजिदपुर में देर शाम मतदान के दौरान एक व्यक्ति की मौत और हंगामें की खबर सामने आयी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मौत का कारण पहले लाठीचार्ज बताया गया, जबकि प्रशासन द्वारा भागने के क्रम में तालाब में डूबने से मौत की बात बतायी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाजिदपुर पंचायत के मैना रहिका में एक बूथ पर वोटर काफी में संख्या देर शाम तक लाइन में लगे थे। इसकी जानकारी मिलने पर प्रत्याशी एवं समर्थक भी वहां जुट गए। भीड़ ज्यादा होने पर क्विक रेस्पॉन्स टीम ने पहुंचकर अनावश्यक भीड़ को खदेड़ना शुरू किया। इससे वहां भगदड़ मच गयी। लोग इधर उधर भागने लगे। इसी बीच लाठीचार्ज से 55 वर्षीय महावीर

सोनार नामक व्यक्ति की मौत हो गयी। जिला प्रशासन द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार भागने के क्रम में तालाब में गिरकर डूबने से उक्त व्यक्ति की मौत हो गयी।
जिला प्रशासन के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार मनीगाछी के बाजितपुर में तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की हुई मृत्यु के संबंध में तहकीकात कर रहे अनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपुर शम्भूनाथ झा जो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,

बेनीपुर के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। उन्होंने ने बताया कि तहकीकात से प्रथम दृष्टया यही तथ्य सामने आया है की पंचायत चुनाव के दौरान मनीगाछी के बाजितपुर के एक मतदान केंद्र पर रात्रि 8 बजे तक अनावश्यक भीड़ लगी थी।
विभाग द्वारा बताया गया कि चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर केवल मतदाताओं को एवं कर्तव्य पर प्रतिनियुक्त मतदान दल, पुलिस बल एवं दंडाधिकारी को ही रहना है। मतदाताओं की सुविधा के लिए तथा निर्वाचन के नियमों

का अनुपालन करवाने के उद्देश्य से अनावश्यक भीड़ को मतदान केंद्र के समीप नहीं रखना है।
अत्यधिक अनावश्यक भीड़ मतदान केंद्र पर होने की जानकारी मिलने पर क्विक रेस्पॉन्स टीम वहां आ पहुंची। क्विक रेस्पॉन्स टीम द्वारा अनावश्यक भीड़ को हटाया जाने लगा। मतदान केंद्र के समीप एकत्रित अनावश्यक भीड़ पुलिस को देखकर भागने लगी। भागने के क्रम में 55 वर्षीय एक व्यक्ति तालाब, जो वर्षा के पानी के कारण 15 फिट भरा गया है, में डूब गया। जिसके कारण उसकी
मृत्यु हो गई। शव का पोस्ट मोर्टेम कराया जा रहा है। तत्काल अनुग्रह अनुदान की राशि 4 लाख रुपये मृतक के परिजनों को प्रदान किया जा रहा है।
दरभंगा के उप विकास आयुक्त एवं नगर पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात कर रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज की बात भले नही कही गयी हो, पर क्विक रेस्पॉन्स टीम द्वारा भीड़ को हटाने का प्रयास किस प्रकार किया गया, जिससे भगदड़ मची, सहज समझा जा सकता है।

