
खेत में मिली युवती की लाश, हत्या की आशंका।
दरभंगा: छठ के प्रातःकालीन अर्घ्य के दिन गुरुवार को जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के केसुरीया गांव में खेत में एक युवती का शव फेंका मिला। केसुरीया गांव के उत्तर दिशा में थोड़ी दूरी पर युवती के शव को एक बच्चे ने देखा। बच्चे ने इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी। लाश दिखने की खबर सुनते ही लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी।
लोगों ने इसकी जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष किशोरी रमन सिंह के

नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शव की पहचान गांव के सहदेव पंडित की 18 वर्षीय बेटी द्रोपती कुमारी के रूप में की गई है। मृतका के गले पर दाग और एक नाक से खून

निकल रहा था। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जतायी जा रही है। परिवार के लोगों ने फिलहाल कोई बयान नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, युवती की हत्या से परिवार के लोग सदमे में हैं। पुलिस तहकीकात में जुट गई है।

