
हर्ष और चिन्मय की मेहनत ने छत पर बनाये गए कृत्रिम तालाब को प्रदान की छठ घाट की सजीवता।
दरभंगा: गुरुवार को प्रातःकाल उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ सम्पन्न हो गया। शहर के विभिन्न तालाबों में छठव्रतियों ने अर्घ्य दिया। वहीं बहुत से लोगों ने अपने आवासीय परिसर में भी कृत्रिम तालाब बनाकर अर्घ्य दिया।
ऐसा ही एक कृत्रिम तालाब शहर के वार्ड 46 स्थित बाबूसाहेब कॉलोनी में उमाशंकर सिंह ने अपने नवनिर्मित दो मंजिले मकान की छत पर बनवाया। करीब 6 फ़ीट
लम्बाई और 4 फ़ीट की चौड़ाई में बनाये गए इस कृत्रिम तालाब की गहराई 3 फ़ीट थी।
अपने घर के छत बने तालाब को सजाने की जिम्मेवारी श्री सिंह के पौत्र द्वय हर्ष रंजन एवं चिन्मय रंजन ने उठायी।
रंग पेंट के साथ आकर्षक डिज़ाइन अद्भुत छटा बिखेर रही थी। तालाब के किनारे पर कृत्रिम बिजली वाले दीये इस तरफ लगाए कि वह बिल्कुल असली की तरह लग रहे थे।
इसके अलावा केले के छोटे छोटे पेड़ किनारों पर लगाये गए। साथ ही फूल साइज गन्ने को चारों कोनो से खड़ाकर
उनके शीर्ष को जोड़कर बांधा गया। बिजली के लाइटों की सजावट म्युजिल इंस्ट्रूमेंट के साथ ऐसी की गयी जिससे छठ गीतों की मधुर ध्वनि बजती रही।
मुहल्ले के लगभग आधा दर्जन परिवारों का छठ इस घाट पर सम्पन्न हुआ। इस दौरान मौजूद श्याम नंदन झा, राजन आंनद, अभिषेक कुमार, कुमुद रंजन आदि ने हर्ष एवं चिन्मय के प्रयास की भी जमकर प्रशंसा की।

