Home Featured पत्रकारिता का सर्टिफिकेट बांटना छोड़कर घटना के कारणों एवं सरगना का खुलासा करे पुलिस: अभिषेक।
Featured - मुख्य - November 15, 2021

पत्रकारिता का सर्टिफिकेट बांटना छोड़कर घटना के कारणों एवं सरगना का खुलासा करे पुलिस: अभिषेक।

दरभंगा: जिसे पूरी दुनिया पत्रकारिता करते और गलत के खिलाफ आवाज उठाते देख रही है, पुलिस उसकी निर्मम हत्या पर पत्रकारिता का सर्टिफिकेट खोज रही है। इससे बुरा और हास्यास्पद शायद ही कुछ हो। पुलिस पकड़े गए प्यादों से सरगना तक पहुंचने की हिम्मत दिखाये और शीघ्र घटना के कारणों का खुलासा करे।

उपरोक्त बातें वॉयस ऑफ दरभंगा के संपादक अभिषेक कुमार ने सोमवार को कहीं। मधुबनी के बेनीपट्टी में निर्ममता से मारे गए पत्रकार बुद्धिनाथ झा केलिए आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन सह कैंडिल मार्च की तैयारी की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि 16 नवम्बर मंगलवार को दरभंगा के पत्रकारों द्वारा अपराह्न 3 बजे शहर के कर्पूरी चौक पर काला बिल्ला लगाकर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह आयोजन किसी संगठन के बैनर तले नही, बल्कि दरभंगा के आम पत्रकारों के द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह मार्च कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टावर तक जाएगा। तत्पश्चात पत्रकारों द्वारा जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें मांगपत्र भी सौंपा जाएगा।

अभिषेक कुमार ने कहा कि आज डिजिटल युग है। कई युवा समाजसेवा का जज्बा लेकर स्वतंत्र पत्रकारिता करते हैं। उनके मुद्दे जनहित से जुड़े हों और तथ्यपरक हों तो आमलोगों को भी ऐसे पत्रकारों के सहयोग में आना चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share