Home Featured साहित्यकार मन्नू भंडारी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन।
Featured - मुख्य - November 16, 2021

साहित्यकार मन्नू भंडारी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन।

दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पीजी हिन्दी विभाग में मंगलवार को प्रख्यात साहित्यकार मन्नू भंडारी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र साह ने कहा कि मन्नू जी दलितों, वंचितों और स्त्रियों की आवाज थीं। उनका रचना संसार बहुत व्यापक था। एक तरफ उन्होंने ‘महाभोज जैसे राजनीतिक और यथार्थपरक उपन्यास का सृजन किया तो दूसरी ओर ‘आपका बंटी जैसे उपन्यास का भी सृजन किया। उन्होंने ज्वलन्त लेखकीय दायित्व का पूरी संजीदगी के साथ आजीवन निर्वहन किया। उनकी कहानियां भी जीवन के विविध आयामों को छूती हैं। ‘यही सच है में जहां वे प्रेम सम्बन्धों पर बात करती हैं, वहीं ‘त्रिशंकु में ‘आधुनिकता का ढोंग करते परिवारों पर प्रश्न खड़ा करती नजर आती हैं।

मौके पर हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. चन्द्रभानु प्रसाद सिंह, डॉ. सुरेंद्र प्रसाद सुमन, डॉ. आनन्द प्रकाश गुप्ता, डॉ. अखिलेश कुमार, वरीय शोधप्रज्ञ कृष्णा अनुराग, अभिषेक कुमार सिन्हा, कनीय शोधप्रज्ञ धर्मेन्द्र दास, समीर कुमार, सुशील मंडल, मंजू सोरेन, पुष्पा कुमारी एवं स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के द्वितीय एवं चतुर्थ छमाही के छात्रों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

Share