
जमीनी विवाद में युवक की हत्या के बाद जमकर हुआ बवाल।
दरभंगा: लगता है पुलिस की पूरी ताकत शराब के पीछे देख अन्य अपराधिक योजनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों का हौसला बढ़ गया है। वे बेफिक्र होकर किसी की जान तक ले लेते हैं।
ताजा मामले में जिले के मब्बी ओपी क्षेत्र के मौलागंज मोहल्ले में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार की रात अज्ञात अपराधियों ने रखवार की हत्या कर दी। रखवार का शव विवादित जमीन के पास ही गुरुवार

की सुबह पाया गया। अपराधियों ने जमीन पर बनायी गयी बाउंड्री वाल के कुछ हिस्से को भी तोड़ दिया था।
मृतक की पहचान मौलागंज निवासी राम अशीष दास के पुत्र उपेंद्र दास (30) के रूप में हुई है। वह जमीन की रखवाली और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शव मिलने पर वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जमीन मालिक के कई लोग भी वहां पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की छानबीन कर मृतक के परिजन को उचित सरकारी मुआवजा व दोषी

की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, लेकिन मृतक के परिजन व जमीन मालिक ने शव को उठाने से मना कर दिया। वे लोग वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। अंतत: छह घंटे के बाद दोपहर लगभग दो बजे पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। सदर एसडीपीओ कृष्ण नंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छानबीन की जा रही है। परिजन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उपेंद्र के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी बच्चे छोटे हैं।

