
शराब माफियाओं के खिलाफ दरभंगा पुलिस का अबतक का सबसे बड़ा ऑपरेशन, कारोबारियों में मचा हड़कंप।
दरभंगा: सच कहा जाता है कि पुलिस अगर चाह ले तो गड़े मुर्दे भी खोजकर ला सकती है। आखिर पुलिस के नेटवर्क से कुछ छिपा थोड़े होता है। बस ईमानदार इच्छाशक्ति मिलते ही कारवाई हो जाती है।
दरभंगा पुलिस पर भी लगातार शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगता रहा है। पर जब सूबे के मुखिया ने सख्ती दिखायी तो एक दिन में पुलिस का पूरा नेटवर्क जाग गया और परिणाम दिखने लगा।
दरअसल, शराब धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस द्वारा सघन छापेमारी किए जाने से धंधेबाजों में हड़कंप मचा है। छापेमारी में शनिवार को

जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली। कोतवाली, नगर, बहेड़ा, कुशेश्वरस्थान, केवटी, हायाघाट सहित कई थानाक्षेत्रों से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। इसमें शराब से लदे एक ट्रक, पिकअप, दो बाइक आदि जब्त किए गए हैं।
कोतवाली ओपी पुलिस ने मुफ्ती मोहल्ला में छापेमारी कर 1235 लीटर शराब लदी एक पिकअप वैन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। चालक व मधुबनी जिले के बिस्फी थानाक्षेत्र के धेपुरा

निवासी राजेश साह ने पूछताछ में बताया कि उनकी पिकअप के आगे स्कार्पियो पर सवार पांच लोग साथ चल रहे थे। जो भनक मिलने के साथ फरार हो गए। इसमें कई लोगों की पहचान पुलिस ने की है। सभी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
इधर, सूचना है कि नगर थानाक्षेत्र के राज स्कूल के पास से पुलिस ने 151 कार्टन शराब जब्त कर एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जांच में जुटी है। इसमें सात धंधेबाजों को नाम व पता चिन्हित कर पुलिस छापेमारी कर रही है।
बहेड़ा थाने की पुलिस ने अलग-अलग तीन गांवों में छापामारी कर 58 कार्टन शराब और दो बाइक के साथ दो धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया। बेनीपुर एसडीपीओ डा. सुमित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर पोहद्दी गांव के पश्चिमी मुसहरी में छापामारी की गई। इसमें

सिरदुल सदा को गिरफ्तार कर उसके घर से 58 कार्टन विदेशी शराब, दो बाइक, एक मोबाइल को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं त्रिमुहानी गांव संजीत सहनी को गिरफ्तार कर शराब की पांच बोतलें बरामद की गई है। हालांकि, रढि़याम गांव में की गई छापेमारी में धंधेबाज लालबाबू यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसके घर से शराब की आठ बोतलें जब्त की गई है।
कुशेश्वरस्थान पुलिस ने सतिघाट व सहोरबा के बीच हरौली पावर ग्रिड के निकट छापेमारी कर शराब से लदा एक ट्रक को जब्त कर तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से बरामद 296 कार्टून में 2628.36 लीटर विदेशी शराब पाई गई है। पुलिस जब्त ट्रक यूपी23टी-9815 के मालिक और चालक का नाम व पता जुटाने में जूटी है। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि ट्रक का चालक एवं उप

चालक चकमा देकर फरार हो गए। हालांकि, स्थानीय तीन धंधेबाजों को दबोचकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पकोहवा गांव में छापामारी कर पुलिस ने श्याम यादव को गिरफ्तार कर 375 एमएल की 32 बोतलें शराब बरामद की है।
हायाघाट थाने की पुलिस ने बरछिया से दक्षिण करेह नदी के किनारे छापेमारी कर 20 लीटर देसी शराब के साथ सुलटू मुखिया को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, दूसरा धंधेबाज गोनौर मुखिया करेह नदी में कूदकर फरार हो गया। वहीं अकराहा दक्षिणी गांव में की गई छापेमारी में धन्नू सहनी के भूंसा घर से पांच लीटर और शनिचर सहनी के भूंसाघर से दस लीटर देसी शराब जब्त की गई। हालांकि, दोनों धंधेबाज फरार हो गए।
केवटी व रैयाम थाने की पुलिस ने अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर साढ़े सात लीटर देशी चुलाई शराब के साथ एक महिला समेत तीन
धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया। केवटी थाने की पुलिस ने पैगंबरपुर गांव में छापेमारी कर शंभु पासवान व दिलीप पासवान को पांच लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि, रैयाम थाने की पुलिस ने छाछा गांव में छापेमारी कर शैल देवी को ढाई लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बहेड़ी थाने की पुलिस ने बहेड़ी बाजार में छापेमारी कर तीन शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार कर 18.600 लीटर शराब बरामद की है। बताया जाता है कि गिरफ्तार राजेंद्र मुखिया के अंडा दुकान से पांच लीटर, प्रमोद मुखिया के घर 10 लीटर और ललीत महतो के किराना दुकान से 3.600 लीटर शराब जब्त की गई है। पुलिस ने ललीत के किराना दुकान को सील कर दिया है।
सिमरी थाने की पुलिस ने कंसी गांव में छापेमारी कर शराब भट्ठियां को ध्वस्त कर चार धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। जहां से भारी मात्रा में उपकरण सहित गैस सिलेंडर, चूल्हा आदि सामान बरामद किए गए हैं। थानाध्यक्ष हरिकिशोर यादव ने बताया कि अलग-अलग गैलन में 31 लीटर देसी शराब बरामद कर भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान धंधेबाज शंभू महतो को दबोचा लिया गया। नशे की हालत में पिन्टू राम, पवन राम और अजीत राम छापेमारी का विरोध कर हंगामा करने लगे। इन तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।1

