Home Featured एम्स का स्थल निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी मंत्री, प्रस्तावित स्थल को शीघ्र अतिक्रमणमुक्त कराने का दिया निर्देश।
Featured - मुख्य - November 25, 2021

एम्स का स्थल निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी मंत्री, प्रस्तावित स्थल को शीघ्र अतिक्रमणमुक्त कराने का दिया निर्देश।

दरभंगा: गुरुवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री सम्राट चौधरी डीएमसीएच परिसर में प्रस्तावित एम्स का स्थल निरीक्षण करने दरभंगा पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एम्स के लिए प्रस्तावित जमीन को 10 से 15 दिन में अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश उक्त स्थल पर मौजूद दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम को दिया।

मंत्री ने प्रस्तावित एम्स स्थल को अतिक्रमणमुक्त में विलंब होने पर डीएम से प्रश्न किया। इस पर डीएम ने कहा कि डीएमसीएच में कुछ विभागों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त

Advertisement

अन्य सभी प्रकार के कार्यालयों को खाली कराने के लिए नोटिस दिया जा चुका है। इस पर प्रभारी मंत्री ने जोर देकर कहा कि हर हाल में 10 से 15 दिनों में प्रस्तावित एम्स की भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा लिया जाए क्योंकि अगले माह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दरभंगा एम्स की प्रगति की समीक्षा बैठक करने दरभंगा आएंगे।

मौके पर मौजूद सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि एम्स के लिए दी गयी दो सौ एकड़ जमीन को हर हाल में खाली करके मिट्टीकरण एवं बाउंड्री वाल का कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ कर दिया जाए। इस कार्य के

Advertisement

सम्पन्न होने के बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स का शिलान्यास करेंगे जो मार्च-अप्रैल में संभावित है। श्री ठाकुर ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में दरभंगा एम्स को मिथिला के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि की संज्ञा देते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली कई पीढ़ियों को यह संस्थान स्वास्थ्य लाभ देगा। दरभंगा सहित संपूर्ण मिथिला तथा पड़ोसी देश नेपाल के लोगों को भी इससे फायदा होगा।

निरीक्षण के दौरान नगर विधायक संजय सरावगी, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, केवटी विधायक डॉ मुरारी मोहन झा व विधान पार्षद अर्जुन सहनी भी थे। एम्स की जमीन का स्थल निरीक्षण करने के बाद डीएमसीएच प्राचार्य कार्यालय के सेमिनार हॉल में डीएम डॉ त्यागराजन एसएम, डीडीसी तनय सुल्तानिया, डीएमसीएच प्राचार्य डॉ केएन मिश्रा, अधीक्षक डॉ हरिशंकर मिश्रा, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सहित कई संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

Share