
ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक की मौत, दो घायल।
दरभंगा: जिले के केवटी थानाक्षेत्र अंतर्गत दरभंगा-जयनगर एनएच 527 बी पर नवटोलिया के पास सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे ट्रैक्टर की ठोकर लगने से एक बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि उसपर सवार दो लोग घायल हो गये। मृतक व दोनों घायल भराठी गांव के बताये गये हैं।
मृतक राज कुमार सिंह (40) तथा घायल मृतक का पुत्र रौनक कुमार सिंह (13) तथा भतीजा जिलेश कुमार सिंह का पुत्र मिठू कुमार सिंह (18) बताया गया है। घायल रौनक और मिठू को इलाज के लिए केवटी सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक

उपचार के बाद उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया। तीनों एक ही परिवार के हैं तथा रिश्ते में राजकुमार पिता और रौनक पुत्र तथा मिठू भतीजा बताया गया है। तीनों एक ही बाइक से घर भराठी से मधुबनी जिले के जयनगर थाने के दुल्लीपट्टी गांव एक रिश्तेदारी में जा रहे थे।
घटना के संबंध में बताया गया है कि बाइक सवार दरभंगा की ओर से जयनगर जाने के लिए केवटी की ओर आ रहा था और ट्रैक्टर केवटी

की ओर से दरभंगा की ओर जा रहा था। इसी क्रम में उक्त स्थल पर ट्रैक्टर ने बाइक को सामने से ठोकर मार दी। इससे बाइक का अधिकांश भाग ट्रैक्टर के निचे घुस गया। इस दौरान बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।
पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चालक ठोकर मारकर ट्रैक्टर छोड़कर फरार बताया गया है। सूचना मिलने पर सीओ गंगेश झा, केवटी पुलिस तथा रैयाम थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे थे।

