
शराब माफिया से मिलीभगत के आरोपी चौकीदार को डीएम ने किया बर्खास्त।
दरभंगा: शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने और कोताही बरतने पर सख्त कारवाई की मंशा सरकार की दिखने लगी है। इसी कड़ी में जिले के बहेड़ा थाना के चौकीदार देवन पासवान को जिला पदाधिकारी द्वारा एसएसपी की अनुशंसा के आलोक में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
बताते चलें कि उक्त चौकीदार को फतुलाहा, कल्याणपुर हल्के की जिम्मेदारी थी। 4 जनवरी को तत्कालीन एसडीपीओ, सीआई,

एसएचओ द्वारा छापेमारी में भारी मात्रा में देशी चुलाई शराब तथा शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए थे। इस सम्बंध में बहेडा थाना केस 7/21 दिनांक 4.1.21 को दर्ज किया गया।
यद्यपि चौकीदार से निर्धारित प्रपत्र में उनके क्षेत्र के शराब माफियाओं की सूचना मांगी गई थी। परन्तु चौकीदार ने इस गांव में शराब बनाने के सम्बंध में कोई सूचना नही दी थी। एसडीपीओ द्वारा रिपोर्ट की गई थी कि चौकीदार शराब माफिया से मिले हुए हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर विभागीय जांच की गई। जिसमें उक्त चौकीदार को दोषी पाया गया।

