
किसान कौंसिल ने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन।
दरभंगा: दरभंगा जिला किसान कौंसिल की ओर से खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने व सभी किसान बटाइदारों को खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गुरुवार को लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य सड़क पर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारी किसानों को खाद उपलब्ध नहीं होने और कालाबाजारी होने पर काफी आक्रोशित थे। प्रदर्शनकारियों ने मिर्जापुर देकुली स्थित

किसान कौंसिल कार्यालय से इकट्ठा होकर थाना मोड़ तक जुलूस निकाला।
वहीं दरभंगा जिला किसान काउंसिल जिला संयुक्त सचिव राम सागर पासवान की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान काउंसिल राज्य अध्यक्ष ललन चौधरी ने कहा कि

डीएपी के अभाव में जिले में रबी फसलों की बुआई नहीं होने से किसानों में काफी आक्रोश है।
कृषि पदाधिकारी किसान को खाद उपलब्ध कराने में विफल हैं। वहीं दूसरी ओर पूरे जिले में खाद की कालाबाजारी हो रही है। सभा को बहादुरपुर देकुली पंचायत के मुखिया सुरेश कामत, मेकना बेदा पंचायत के मुखिया दयाराम मुखिया, पैक्स अध्यक्ष उग्र नारायण गिरी, किसान नेता सुबोध चौधरी, सत्यनारायण पासवान, मो. जाकिर, रामप्रीत राम, विवेकानंद झा, सुशीला देवी, मो. रसूल, मनोहर शर्मा आदि ने संबोधित किया।

