
घनश्यामपुर में 56.25 एवं गौड़ाबौराम में 55.65 प्रतिशत हुआ मतदान।
दरभंगा: बुधवार को जिले के घनश्यामपुर एवं गौड़ाबौराम प्रखंड में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तनावपूर्ण वातावरण में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
घनश्यामपुर में लगभग 56.25 प्रतिशत मतदान की जानकारी दी गयी है। घनश्यामपुर की कुल 83074 मतदाताओं में से 51532 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक मतदान किया। बताया गया है कि कुल 28336 महिलाओं तथा 23196 पुरुषों ने मतदान किया। महिलाओं की मतदान का प्रतिशत 71.55 तथा पुरुषों का 52.60 रहा। पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सवी नजारा दिखाई दे रहा था। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही धीरे-धीरे अधिकतर बूथों पर पुरुष तथा महिलाओं की लंबी लंबी कतारें लग गई। दोपहर आते आते मतदान केंद्रों से भीड़ छंटने लगी।

दोपहर भोजन करने के बाद दुबारा मतदान केंद्रों पर लंबी लंबी कतारें लग गई। शाम चार बजे के बाद 10-15 बूथों को छोड़कर शेष बूथों पर इक्का-दुक्का मतदाता ही दिखाई दिये। पोहद्दीबेला पंचायत की मदरसा स्थित मतदान केंद्र संख्या -100,101,102 तथा सामुदायिक भवन स्थित बूथ संख्या 97 पर शाम साढ़े छह बजे तक मतदान के लिए मतदाता कतार में खड़े थे।
महिलाओं तथा युवा मतदाताओं में पंचायत चुनाव को लेकर गजब का उत्साह दिखाई दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित महिलाएं बड़ी संख्या में मतदान करने अपने अपने घरों से बाहर निकली। पंचायत के सभी 154 मतदान केन्द्रों पर फर्जी मतदान को रोकने तथा पर्दानशी महिला मतदाताओं की पहचान के लिए 154 शिक्षिकाओं तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं को चुनाव ड्यूटी पर तैनात किया गया था। पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा।

इससे पूर्व पंचायत चुनाव को लेकर कुछ पंचायत में आपसी प्रतिद्वंदिता को लेकर विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों के बीच वातावरण काफी तनाव पूर्ण दिखाई दे रहा था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती पुलिस अधिकारी,गश्ती अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन की तत्परता से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
वहीं, गौड़ाबौराम प्रखंड क्षेत्र में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 55.65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रखंड क्षेत्र के एक लाख सात हजार 965 मतदाताओं में से 65 हजार 146 मतदाताओं ने वोट डाला। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 30 हजार 462 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 34 हजार 684 है।

