
भाजपा विधायक ने मांझी को चेताया, कहा- दम है तो केवल अपनी जाति के वोट पर एमएलए बन के दिखा दें!

देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: केवटी विधायक डॉ मुरारी मोहन झा ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की ओर से कथित रूप से जाति विशेष के संबंध में दिए गए बयान पर आपत्ति जतायी।
डॉ झा ने कहा कि जो व्यक्ति मुख्यमंत्री पद पर रह चुके हैं उसके बाद भी एक जाति विशेष के लोगों के बारे में इतना घटिया सोच रखते हुए जिन शब्दों का प्रयोग किए हैं वह क्षमा योग्य नहीं है। इनके वक्तव्य से यही लगता है कि उन्होंने हिंदू समाज को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। विधायक डॉ झा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शायद यह भूल चुके हैं कि वे जिस एनडीए के सदस्य हैं वह हमेशा जमात की बात करता है। सभी धर्मों को साथ लेकर विकास की बात करता है। इस परिवार में सभी धर्मों का समान अधिकार है। अगर यह बात पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी समझ नहीं पाते हैं तो यह जान लें कि आज के बदलते युग में कोई भी व्यक्ति किसी एक जाति को लेकर राजनीति नहीं कर सकता है। उनके इस वक्तव्य से समाज के सभी वर्गों में आक्रोश है। इसका खामियाजा उन्हें आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति केवल एक जाति के वोट से एमएलए नहीं बन सकता। अगर वे अपनी जाति की बात करते हैं, तो केवल अपने जाति के वोट पर एमएलए बन के दिखा दें। अगर ऐसा हो गया तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा।

