
शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दो घर सहित लाखों की संपति नष्ट।
दरभंगा: चानपुरा पूर्व गांव में सोमवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दो ईंट व एस्बेस्टस के घर सहित करीब 3 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। अगलगी की इस घटना में दो घर, कपड़ा, अनाज, बर्तन, फर्नीचर सहित लाखों रुपए मूल्य के कई अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।
अगलगी की यह घटना चानपुरा पूर्व गांव के मनिल कुमार ठाकुर के घर में उस वक्त हुई जब गृहस्वामी सहित परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। अगलगी होने पर गृहस्वामी सहित पूरे पारिवारिक सदस्यों ने शोर मचाना शुरू किया।
उसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीण लोगों ने अथक प्रयास कर आग को पानी डालकर बुझाया। हालांकि, तब तक दो घर सहित उसमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था। गृहस्वामी मनिल कुमार ठाकुर ने अगलगी का कारण शॉर्ट सर्किट काे बताया है।

गृहस्वामी ने इस संबंध में बेनीपट्टी थाना और अंचल प्रशासन को अलग-अलग आवेदन देकर उचित सरकारी सहायता प्रदान करने की मांग की है। बताया जाता है कि गृहस्वामी मनिल कुमार ठाकुर अपने गांव में ही एक कटघरे में पान-गुटखा की दुकान चलाकर परिवार चलाते हैं।

