
2021-22 केलिए 24 दिसंबर से 09 जनवरी तक होगा क्रिकेट क्लबों का पंजीयन।
दरभंगा: दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारिणी की एक बैठक संघ के सचिव प्रवीण कुमार के गांधी नगर स्थित आवासीय परिसर में बुधवार को आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की।
बैठक में सबसे पहले एक बार पुनः अपना पैर पसार रहे कोरोना की स्थिति पर गंभीरतापूर्वक विचार की गई । बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दरभंगा जिला क्रिकेट संघ सत्र 2021-22 के लिए क्रिकेट क्लबों का पंजीयन आगामी 24 दिसम्बर 2021 से 09 जनवरी 2022 तक करेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कोरोना के कारण 2020-21 का वार्षिक आम सभा का आयोजन

नहीं हो सका इसलिए विगत वर्ष आयोजित वार्षिक आम सभा में लिये गये निर्णायानुसार एवं न्यायालय में दरभंगा जिला क्रिकेट संघ का चुनाव से सम्बंधित मामला लंबित रहने के कारण पूर्व के 15 क्लबों का सत्र-2021-22 के लिए पंजीयन किया जायेगा। लेकिन नये खिलाड़ी पूर्व की तरह इन 15 क्लबों के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे ।
दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रवीण कुमार ने बताया कि जिले के कई वरीय पूर्व एवं वर्तमान खिलाड़ी दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के विरूद्ध संघ विरोधी कार्य में शामिल हो रहे हैं उनके विरूद्ध वार्षिक आम सभा में मामला प्रस्तुत किया जायेगा ताकि उन पर सर्वसम्मति से कार्रवाई की जा सके। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्लब केे अध्यक्ष/सचिव दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के संयोजक राकेश कुमार

से दिनांक 24-12-2021 से 31-12-2021 के बीच सुबह 12 बजे से शाम 4 बजे तक क्लब पंजीयन फार्म और खिलाड़ी पंजीयन फार्म प्राप्त कर सकते हैं। जबकि जिला संघ के द्वारा क्लब को फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 09 जनवरी 2022 निर्धारित की गई है ।
दरभंगा जिला क्रिकेट संघ कागजातों के जांचोपरान्त 10 जनवरी 2022 को जिला क्रिकेट संघ द्वारा सत्र 2021-22 में निबंधित क्लब की सूचना सार्वजनिक करेगी ।
संघ के सचिव प्रवीण कुमार ने बैठक के बाद दरभंगा जिला के सभी क्लबों के अध्यक्ष एवं सचिव को अगाह करते हुए कहा कि असंवैधानिक ढंग से नियुक्त तदर्थ कमिटी के नाम पर जो बैठक आयोजित की गई है और पंजीयन की तारीख घोषित की गई है वह

बिहार क्रिकेट संघ एवं उच्चतम न्यायालय के द्वारा लागू लोढ़ा कमिटी के संविधान के अनुसार गलत है तथा बीसीए के द्वारा दरभंगा जिला क्रिकेट संघ को आज तक किसी भी विशेष चयन कमिटी या तदर्थ कमिटी की गठन की विधिवत सूचना नहीं दी गई है। बैठक में चर्चा की गई कि चूंकि बीसीए के द्वारा पूर्व में दरभंगा व्यवहार न्यायालय में दरभंगा जिला क्रिकेट संघ का मामला लंबित होने के कारण हस्तक्षेप करने के बाद तत्कालीन सचिव को न्यायालय के द्वारा नोटिस भेजा गया था तो फिर वर्तमान बीसीए कमिटी के द्वारा न्यायालय में मामला लंबित रहते हुए हस्तक्षेप करना न्यायालय की अवमानना है, जिसकी शिकायत जिला क्रिकेट संघ न्यायालय में करेगा।
संघ के सचिव ने बताया कि दरभंगा जिला क्रिकेट संघ पर चुनाव प्रक्रियाा से संबंधित मामला दाखिल करनेवाले नरेश कुमार राय के भाई दिनेश कुमार राय को बीसीए के द्वारा विशेष चयन समिति एवं तदर्थ कमिटी में रखने एवं बीसीए लीगल सेल के चेयनमैन जगन्नाथ सिंह का पटना उच्च न्यायालय में नरेश कुमार राय का अधिवक्ता होना यह साफ झलकता है कि बीसीए और दरभंगा जिला क्रिकेट संघ पर मामला दायर करनेवाले लोगों के बीच आपसी तालमेल है। साथ ही
बैठक में चर्चा की गई कि पूर्व में भी न्यायालय द्वारा नियुक्त रिसीवर को प्रभाव में लेकर इन लोगों ने रातों रात 35 फर्जी क्लब बनाकर चुनाव कराने की नाकाम कोशिश की थी। इस पर न्यायालय ने 24-09-2018 को आदेश पारित करते हुए 35 क्लब एवं चुनाव पर रोक लगा रखा है । वर्तमान में पटना उच्च न्यायालय में भी दरभंगा जिला क्रिकेट संघ से संबंधित सिविल मिसलेनियस नम्बर 1575 लंबित है ।
बैठक में सभी निबंधित क्लबों के अध्यक्ष एवं सचिव को सूचना दी जा रही है कि दरभंगा जिला क्रिकेट संघ एवं बीसीए के द्वारा न्यायालय में 15 क्लबों की सूची दाखिल की चा चूकी है और वार्षिक आमसभा में निर्णय लिया जा चुका है कि जब तक न्यायालय में मामला लंबित है, नये क्लबों का पंजीयन नहीं किया जायेगा ।
बैठक में अध्यक्ष आलोक कुमार, सचिव प्रवीण कुमार, संयुक्त सचिव हीरा कुमार झा (इलेक्ट्रोनिक माध्यम), कोषाध्यक्ष प्रहलाद कुमार एवं आमंत्रित सदस्य के रूप में संघ के संयोजक राकेश कुमार उपस्थित थे।

