
दरभंगा से अपहृत युवतियों को पुलिस ने बंगाल से किया बरामद, लव जिहाद का आरोप।

दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र के एक गांव से अगवा दो चचेरी बहनों को कोलकाता से बरामद करने के बाद सिंहवाड़ा पुलिस ने दोनों को गुरुवार को दरभंगा न्यायालय में प्रस्तुत किया। जांचकर्ता के अभ्यावेदन पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त न्यायिक दंडाधिकारी अमित कुमार सिंह ने दोनों लड़कियों का बयान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत दर्ज किया। अनुसंधानक ने बालिकाओं की चिकित्सकीय जांच कराने का अनुरोध किया है।
बताते चलें कि सिंहवाड़ा थानाकांड संख्या 245/21 दर्ज करानेवाले ने अपने प्रथम सूचना प्रतिवेदन में लव जिहाद के लिए अपहरण की चर्चा की है। बताया है कि सिलाई ट्रेनिंग सेंटर पर जाने के क्रम में 15 दिसंबर को 11 बजे दिन में हयातपुर गांव निवासी मोहम्मद गालिब और मोहम्मद शाहिद ने दोनों लड़कियों का अपहरण कर लिया था। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को भी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया। वहीं पीडि़त पक्ष की ओर से न्यायालय में आवेदन देकर लड़कियों को माता -पिता की अभिरक्षा में सौंपने की गुहार लगाई गई है।
गुरुवार को लहेरियासराय में लड़कियों की मां ने बताया कि उनकी पुत्रियां डरी हुई हैं। वे बता रही हैं कि उन्होंने शादी कर ली है और उनका धर्म परिवर्तन भी कराया गया है। वे अपनी बेटियों को वापस हिन्दू धर्म में लाना चाहती हैं।
वहीं हिंदूवादी संगठनों के नेता भी थाना परिसर में पहुंचे। बजरंग दल के जिला संयोजक राजीव मधुकर ने कहा कि लव जिहाद का असर अब दरभंगा में भी दिखने लगा है। यह गलत है और इसका विरोध किया जाएगा।

हालांकि पुलिस के कोई भी अधिकारी लव जिहाद के मामले में कुछ भी बोलने से बचते दिखे। ऐसे में लड़कियों से उन लड़कों ने कैसे संपर्क किया और किन परिस्थितियों में धर्म परिवर्तन कराया गया, यह जांच का विषय है और पुलिस द्वारा इसका उदभेदन करने पर ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकता है।

