
उत्पाद विभाग की टीम ने जलकुंभी से बरामद किया 900 लीटर शराब।
दरभंगा: पुलिस डाल डाल तो शराब कारोबारी पात पात। सरकार की सख्ती से उनमें शराब कारोबार का डर नही, बल्कि नये नये तरीके ईजाद करने की हिम्मत दिख रही है।
ताजा मामले में उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आजमनगर मिथिला महिला कॉलेज के पास एक डबरे से भारी मात्रा में नेपाल निर्मित देसी शराब बरामद की। साथ ही एक युवक को गिरफ्तार किया। 
उत्पाद निरीक्षक सुदेश्वर लाल ने बताया कि किसी ने गुप्त सूचना दी कि नेपाल निर्मित 900 लीटर से अधिक देसी शराब डबरे में छिपाकर रखी हुई है और एक युवक उसकी रखवाली कर रहा है। छापेमारी करने पर रखवाली करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। युवक का नाम सूर्योदय कुमार है। वह आजमनगर का ही रहने वाला है। उत्पाद अधिनियम के तहत करवाई कर युवक को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही मुख्य सरगना का भी पता लगाया जा रहा है।

