
कोहरे के कहर ने रद्द की दरभंगा एयरपोर्ट की सभी उड़ान।
दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट ने यात्रियों की संख्या में भले तेज गति रिकॉर्ड बनाया हो, पर उस गति से यात्री सुविधाओं को प्रदान करने की इच्छाशक्ति सरकार की नहीं दिखी। यही कारण है कि आज भी यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, विमान यात्रियों पर पिछले तीन दिनों से लगातार खराब मौसम की मार पड़ रही है। बुधवार को घना कोहरा व लो विजिबिलिटी

के कारण दरभंगा एयरपोर्ट से विमान सेवा पूरी तरह ठप रही। सभी उड़ानों को रद्द कर दिए जाने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बता दें कि दरभंगा एयरपोर्ट से रोजाना 16 विमानों का परिचालन होता है। नई दिल्ली, मुम्बई, बेंगलुरु, हैदराबाद व कोलकाता जाने के

लिए सुबह से ही यात्रियों का दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचना शुरू हो गया था। केवल दरभंगा ही नहीं बल्कि कई जिले से लोग यहां पहुंचे थे। खराब मौसम के कारण उड़ानों को रद्द कर दिए जाने की जानकारी मिलने पर यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। मजबूर होकर उन लोगों को वापस घर लौटना पड़ा।
एयरपोर्ट से मायूस लौट रहे कई यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कम समय में ही दरभंगा एयरपोर्ट ने पूरे देश में अपना नाम कमा लिया। बावजूद इसके खराब मौसम में उड़ानों की लैंडिंग के लिए अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। अक्सर जरूरी काम से बाहर जाना पड़ता है। विमानों के रद्द होने से काफी परेशानी उठानी पड़ती है। यही हाल रहा तो पूर्व की तरह पटना एयरपोर्ट का रुख करना पड़ेगा।

