
एमएलसी पद के पार्टी समर्थित उम्मीदवार उदय शंकर यादव केलिए मतदाताओं को गोलबंद करेगा राजद।
दरभंगा: स्थानीय निकाय के विधान पार्षद चुनाव केलिए जहां एनडीए में दावेदारों को लेकर माथापच्ची ही चल रही है, वहीं राजद अपना उम्मीदवार घोषित कर चुका है और अब मतदाताओं को गोलबंद करने की तैयारी पार्टी स्तर पर भी शुरू की जा रही है। एकतरफ जहां पार्टी समर्थित प्रत्याशी उदय शंकर यादव पूर्व से ही स्वयं के स्तर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भेंट मुलाकात कर रहे हैं, वहीं पर पार्टी ने भी उनके समर्थन में जिलास्तर पर अभियान चलाने की घोषणा कर दी है।
इसी को लेकर रविवार को दरभंगा टावर अवस्थित अग्रवाल होटल में राजद के जिलाध्यक्ष उमेश राय की अध्यक्षता में एक बैठक का

आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय प्राधिकार बिहार विधान परिषद के होने वाले चुनाव को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में जिला स्तर पर 11 सदस्यीय संचालन समिति बनाई गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक प्रखंड में अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रखंड संचालन समिति का गठन दल के साथियों से मिलकर किया जायेगा। प्रखंड संचालन

समिति प्रत्येक पंचायत तक मतदाताओं के बीच पहुंचकर पार्टी के समर्थित उम्मीदवार उदय शंकर यादव के पक्ष में मतदाताओं को गोलबंद करेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के विधायक और चुनाव लड़े हुये प्रत्याशी के नेतृत्व में उक्त विधानसभा में चुनावी व्यवस्था को अमली जामा पहनाया जायेगा।
आगामी 18 जनवरी से प्रत्येक प्रखंड की बैठक करने व पंचायत स्तर
पर प्रत्याशी भ्रमण के कार्यक्रम को सूचीबद्ध किया गया।
बैठक में बदरे आलम बदर, फुजैल अंसारी, जयकिशोर यादव, उदय शंकर चौधरी, उपेंद्र राय, कलीमुद्दीन रही, मो. सिराजुद्दीन, रामबाबू चौपाल, संजीव शर्मा, अनिल यादव, बदरे आलम, सुभाष यादव, यासमीन खातून, अशोक यादव, संतोष झा, समीर अल्फाज, उपेंद्र राय, राजा पासवान, सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

