
22 जनवरी से शुरू होने वाली शिक्षक नियोजन काउंसिलिंग को लेकर डीईओ ने की बैठक।
दरभंगा: जिले में 22 जनवरी से शुरू होने वाली शिक्षक नियोजन काउंसिलिंग के तृतीय चक्र को लेकर गुरुवार को डीईओ विभा कुमारी ने एमएल एकेडमी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी एमडीएम एवं स्थापना क्रमश: संजय देव कन्हैया एवं संदीप रंजन तथा बहेड़ी, गौड़ाबौराम व किरतपुर के बीडीओ शामिल थे। इनके अलावा बैठक में प्रखंड पंचायती राज अधिकारी, प्रखंड शिक्षा अधिकारी एवं पंचायत समिति के सचिव भी उपस्थित थे।
नोडल के रूप में प्रखंड विकास अधिकारियों को अपने प्रखंड के काउंसिलिंग कार्य का पूर्ण दायित्व दिया गया। काउंसिलिंग केंद्रों पर मास्क, सेनेटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोला निर्माण, बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सी, अभ्यर्थी को बुलाने तथा हेल्प डेस्क के लिए अलग-अलग व्यवस्था करते हुए प्रत्येक टेबल पर एक-एक अनुमोदित मेधा सूची रखने के साथ-साथ बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्था बीईओ को अपने बीडीओ से समन्वय कर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रत्येक काउंसिलिंग केंद्र पर प्रखंडों के वरीय अधिकारी तथा एक अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी के रूप में नियोजित नियुक्ति के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता भी जताई गई।

पंचायत नियोजन इकाई में काउंसिलिंग पर विशेष नजर रखने के लिए प्रखंड विकास अधिकारियों को कहा गया। बैठक में स्थापना शाखा के वरिष्ठ सहायक नर्मदेश्वर पाठक, नियोजन कोषांग के रमन कुमार ठाकुर, सुनील कुमार झा, सुधीर कुमार सिंह, आनंद कुमार राय व सरोज कुमार झा की उपस्थिति रही। इसमें रोस्टर के संबंध में भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में डीईओ विभा कुमारी ने सभी पदाधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से नियोजन कार्य सम्पन्न कराने हेतु कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीईओ ने बैठक के संबंध में बताया कि आगामी 22 तारीख को तीन नियोजन इकाइयों में शिक्षक नियोजन का कार्य होना है। इनमें दरभंगा सदर, गौड़ाबौराम एवं किरतपुर प्रखंड शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि दरभंगा सदर में सबसे ज्यादा 120 रिक्तियां हैं। यहां केवल समाजिक विज्ञान में नियोजन होना है। वहीं गौड़ाबौराम में 43 तथा किरतपुर में 13 रिक्तियों के विरुद्ध शिक्षक नियोजन होना है।

