
निर्धारित तिथि से सात दिनों के अन्दर दूसरा टीका लेने वाले तीन लकी विजेताओं को किया गया पुरस्कृत।
दरभंगा: बुधवार को समाहरणालय परिसर अवस्थित अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी राजीव रौशन द्वारा निर्धारित तिथि से सात दिनों के अन्दर दूसरी खुराक का टीका लेने वाले तीन लकी विजेताओं को 80 सेमी की एलईडी टीवी उपहारस्वरूप प्रदान किया गया। विजेताओं में कुशेश्वरस्थान प्रखंड के सत्यनारायण यादव, जाले प्रखंड की चांदनी रामसागर एवं बेनीपुर प्रखंड की सुखो देवी हैं।
जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना की पहली एवं दूसरी लहर में जितनी क्षति हुई, उतनी क्षति तीसरी लहर में देखने को नहीं मिली। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या घटने लगी है, लेकिन कोरोना की लहर आगे-पीछे होती रहेगी। कभी बढ़ेगी, कभी घटेगी। यह बीमारी खत्म नहीं हुई है। यह अभी भी है। उन्होंने कहा कि सब लोगों को टीकाकृत हो जाना ही एक विकल्प है। यह वह

रक्षा कवच है जो कोरोना को दूर रखने में, इसके विपरीत व खतरनाक प्रभाव को कम करने में मदद करेगा।
उन्होंने उपस्थित लाभार्थियों से कहा कि आप भी अपने गांव में लोगों को टीकाकृत होने का संदेश दीजिए। शत-प्रतिशत टीकाकरण के बहुत फायदे हैं। उन्होंने कहा कि जो ग्राम पंचायत यह दावा करता है कि उसने सरकार के मापदंड पर अपनी पंचायत के सभी योग्य व्यक्तियों को शत-प्रतिशत टीकाकृत करा दिया है, तो उस पंचायतों को अलग से जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। वार्ड के लिए भी यह निर्धारित किया

गया कि यदि वहां के वार्ड सदस्य दावा करते हैं कि उन्होंने अपने वार्ड को शत-प्रतिशत टीकाकरण करा लिया है तो उन्हें भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर में किसी गांव में किसी को कोरोना हो जाने पर दूसरे गांव वाले उस गांव के लोगों को अपने गांव में नहीं आने देते थे। यह एक नकारात्मक मानसिकता का परिचायक है। लेकिन हम सभी टीकाकृत हो जाएंगे, कोई बाकी नहीं रहेगा और इस प्रकार हम दूसरी जगह से आने वाले कोरोना के संक्रमण को दूर रख सकेंगे। यह सकारात्मक मानसिकता है। जहां शत-प्रतिशत लोग टीकाकृत होंगे, वहां शत-प्रतिशत सुरक्षित होंगे। यदि गांव पूर्ण टीकाकृत हो जाए तो अच्छी बात है। यदि प्रखंड हो जाए तो और अच्छी बात है और यदि हमारा जिला शत-प्रतिशत

टीकाकृत हो जाए तो यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। यह मील का पत्थर साबित होगा तथा पूरे देश एवं पूरे राज्य में उदाहरण दिया जाएगा कि दरभंगा जिला पूर्ण टीकाकृत हो गया।
कार्यक्रम में सदर एसडीओ स्पर्श गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) डॉ. रश्मि वर्मा, डीपीएम (हेल्थ) विशाल कुमार, केयर इण्डिया की जिला समन्वयक श्रद्धा झा आदि भी उपस्थित थे।

