
रनवे लाइटिंग का काम पूरा नहीं होने के कारण दरभंगा एयरपोर्ट पर जारी है खराब मौसम की मार, रद्द रही सभी फ्लाइट।
दरभंगा: उड़ान योजना में सबसे आगे निकलने के बावजूद दरभंगा एयरपोर्ट पर अब तक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी गयी हैं, जिससे यात्रा में कई तरह समस्या उत्पन्न हो रही है। यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन को सबसे पहले यहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जो कार्रवाई करनी चाहिए, वह अभी तक दिखा नहीं है।
विपरीत मौसम में विमानों के लैंडिंग के लिए रनवे लाइटिंग का काम पूरा नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है। इस वजह से अक्सर फ्लाइट को रद्द करना पड़ रहा है। यहां मकर संक्रांति के बाद से उड़ानें के रद्द होने का सिसिला थमा नहीं है।
इसी क्रम में बुधवार को एकबार फिर मौसम काफी खराब रहने के कारण दरभंगा एयरपोर्ट से एक भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। इससे यात्रियों को खासी परेशानी हुई।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से स्पाइसजेट

ने मुंबई के अलावा अन्य सभी विमानों को पूर्व में ही रद्द कर दिया गया था। मुंबई की फ्लाइट के परिचालन की उम्मीद थी, लेकिन विजिबिलिटी काफी कम रहने के कारण अंतत: इस फ्लाइट को भी रद्द करना पड़ा। फ्लाइट को अचानक रद्द कर दिये जाने से यात्रियों को बैरंग घर लौटना पड़ा। मुंबई से दरभंगा आने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कोलकाता से आ रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के कारण दरभंगा में लैंड नहीं कर सकी। अंतत: इसे पटना डायवर्ट कर दिया गया।

इधर, मौसम के मिजाज को देखते हुएअगले कुछ दिनों तक कई विमानों के रद्द रहने से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी होगी।
बता दें कि इन दिनों सुबह से ही दरभंगा एयरपोर्ट कोहरे की चादर में लिपटा रहता है। ऐसे में रनवे लाइटिंग का कार्य पूरा किये बिना विपरीत मौसम में यात्रियों की परेशानी का कोई हल होता फिलहाल दिख नहीं रहा है।

