
12 मार्च को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन।
दरभंगा: समाहरणालय के एनआईसी से अपर जिला सत्र न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार जावेद आलम एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज ने संयुक्त रूप से सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, ग्राम कचहरी सचिवों, न्यायमित्रों एवं प्रखंड कार्यपालक सहायकों के साथ बैठक की।
इसमें उन्होंने कहा कि 12 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लोगों सुलहनीय मामले का सुलह के आधार पर निष्पादन कराया जाए। इसके के लिए पंचायत एवं ग्राम स्तर पर जागरूकता लाने का निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय व जिले के व्यवहार न्यायालय में मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके लिए ग्राम स्तर पर बनी ग्राम कचहरी को सक्रिय होना पड़ेगा। ग्राम कचहरी में आने वाले मामले का अभिलेख नहीं रहता है। अत: सभी मामलों का दस्तावेजीकरण कर अभिलेख रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर न्यायाधीश द्वारा कभी भी आपके ग्राम कचहरी का निरीक्षण किया जा सकता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलहनीय वादों का निष्पादन तत्परता से किया जाता है।
उन्होंने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के लोगों में जागरूकता लाने की अपील की। जिला पंचायत राज पदाधिकारी

आलोक राज ने सभी कचहरी सचिवों एवं न्यायमित्रों से कहा कि ग्राम कचहरी में सचिव पेशकार की भूमिका में होते हैं तथा न्याय मित्र सलाहकार की भूमिका में होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम कचहरी को अविलंब क्रियाशील किया जाना है।
वर्तमान में कुल 56 पंचायत सरकार भवनों को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कराया जा चुका है तथा इसमें ही ग्राम कचहरी का संचालन किया जाना है।

