
हांड कंपाने वाली ठंढ़ में भी खुले बरामदे में परीक्षा देने को विवश दिखे इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी।
दरभंगा: हांड गला देने वाली इस शीतलहर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सर्द हवाओं से बचने का हरसंभव उपाय अपनाए जा रहे हैं। ऐसे विपरीत मौसम में इंटर की कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने के लिए खुले बरामदे पर व्यवस्था किये जाने से न केवल छात्र-छात्राएं बल्कि उनके अभिभावकों में भी प्रशासनिक कुव्यवस्था को लेकर काफी अंसतोष देखा गया।
शहर के आरबी जालान कॉलेज में शुक्रवार को करीब सौ से अधिक संख्या में परीक्षार्थी खुले बरामदे पर परीक्षा देने के लिए मजबूर थे। बर्फीली हवा के प्रकोप के बीच परीक्षार्थियों की कैसी मनोदशा रही होगी,इसका अंदाजा लगाना सहज है। वाबजूद न तो कॉलेज प्रशासन और न ही जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की कठिनाइयों को दूर किया। कैरियर से जुड़े होने की विवशता के कारण छात्र-छात्राएं

परीक्षा देने के लिए मजबूर नजर आए। जबकि वर्तमान समय में लोग अति आवश्यक कार्यों से ही अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्म कपड़ों के वाबजूद सर्द हवा के कारण लोग असहजता महसूस कर रहे हैं।
अभिभावकों का कहना था कि ऐसे माहौल में परीक्षा देने पर बच्चे गम्भीर रूप से बीमार पड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर बच्चों को बैठने के लिए समुचित स्थल का निर्धारण कराने में जिला प्रशासन पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है।

