Home Featured दरभंगा में शराब कारोबारी बेखौफ, कब्रिस्तान में शराब रखने से रोकने पर स्थानीय लोगों से की मारपीट।
Featured - मुख्य - February 5, 2022

दरभंगा में शराब कारोबारी बेखौफ, कब्रिस्तान में शराब रखने से रोकने पर स्थानीय लोगों से की मारपीट।

दरभंगा: दरभंगा में शराब माफियाओं के मनोबल बढ़े हुए हैं. यहां तक कि कब्रिस्तान जैसे जगहों पर भी छिपाने में गुरेज नहीं करते। यदि स्थानीय लोग विरोध करें तो शराब माफिया खुलेआम लोगों से मारपीट करने लगते हैं और किसी प्रकार का कोई भय उनमें नहीं दिखता।

बताते चलें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। एक तरफ जहां शराब मामले को लेकर लगातार सख्ती तेज की जा रही है वहीं ताबड़तोड़ कार्रवाई से बचकर भी इस अवैध धंधा को पसारने के लिए शराब माफिया अलग-अलग तरीके आजमा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दरभंगा से सामने आया है जहां पुलिस की नजरों से बचने के लिए माफियाओं ने कब्रिस्तान और तलाब को इसके ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

Advertisement

जिले के गंगासागर तालाब के पास शराब कारोबारी दारु की खेप को कब्रिस्तान में छिपा रहे थे। इसका विरोध जब स्थानीय लोगों ने किया तो माफिया उनसे मारपीट पर उतर गये। बीच सड़क पर जमकर बवाल हुआ। वहीं इसकी जानकारी जब लहेरियासराय थाने को दी गयी तो पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने पूरे कब्रिस्तान की तलाशी ली और भारी मात्रा में शराब बरामद किया गया। पुलिस ने छापेमारी का दायरा और बढ़ाया तो गंगासागर तालाब के अंदर से भी शराब की बोतलों से भरी हुई बोरियां बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर शराब की जप्ती की और शराब कारोबारी की गिरफ्तारी में जुट गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अब शराब कारोबारी कब्रिस्तान तक को नहीं छोड़ रहे। शराब का ठिकाना अब कब्रिस्तान को बनाया जाने लगा और इसका अगर विरोध करते हैं तो मारपीट किया जाता है। जब शराबबंदी लागू है तब इस प्रकार की हिम्मत माफियाओं द्वारा दिखाना प्रशासनिक विफलता का परिचायक है।

वहीं इस पूरे मामले की पुष्टि सर्किल इंस्पेक्टर मदन प्रसाद ने की और बताया कि गंगासागर तालाब के पास बने कब्रिस्तान से भारी मात्रा में शराब मिली है। शराब की जप्ती के बाद अब पुलिस शराब कारोबारी की तलाश में जुट गयी है।

Share