
मंत्री ने किया कमतौल-ततैला सड़क का शिलान्यास।
दरभंगा: बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं सूचना प्रावैधिकी मंत्री जीवेश कुमार ने रविवार को जाले प्रखंड के कमतौल नगर पंचायत के कमतौल थाने से ततैला साउथ तक की 2.155 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया। इसके निर्माण पर करीब एक करोड़ 59 लाख 43 हजार 998 रुपये की लागत आयेगी।
इस अवसर पर मंत्री ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का पूरा विवरण उपस्थित लोगों के बीच समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ग्रामीण कार्य विभाग से उन्होंने इस सड़क की स्वीकृति दिलाई है। इसके अलावा पांच हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, एक सीएचसी की स्वीकृति दिलायी है। सभी उत्क्रमित हाई स्कूल में भवन निर्माण उनके क्षमता के अनुसार होगा। इसकी भी स्वीकृति उन्होंने दिलाई है। उन्होंने कहा कि कमतौल में पथ निर्माण विभाग से 11 करोड़ की सड़क का उन्होंने निर्माण कराया। आजादी के बाद दोनों हाई स्कूल में भवन का निर्माण कराया। कमतौल गर्ल्स हाई स्कूल में दो अतिरिक्त वर्ग कक्ष का निर्माण भी उनके प्रयास से कराया गया।

उन्होंने कहा कि आज जिस सड़क का वे शिलान्यास कर रहे हैं, उसके लिये भी लोगों की मांग थी। लोगों का कहना था कि रात में ततैला आने जानें वाले को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क के बनने से गायत्री मंदिर जाने वाले लोगों को भी सहूलियत महसूस होगी। कमतौल में आजादी के बाद अस्पताल का भवन नहीं था, उन्होंने 98 लाख रुपए की लागत से उस भवन का भी निर्माण कराया। अस्पताल में डॉक्टर के रहने की व्यवस्था के लिए 42 लाख रुपए की लागत से उस भवन का भी निर्माण उनके द्वारा कराया गया। मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में कमतौल कन्या हाईस्कूल से कमतौल बाजार होते हुए कमतौल कॉलेज तक भी सड़क का निर्माण जल्द ही प्रारंभ होगा। उनके ही विधायक काल में महाराजी बांध का भी सौंदर्यकरण कराया गया। कमतौल स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का भी निर्माण कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमतौल मंडल अध्यक्ष रामसुदिष्ट बैठा ने की। कार्यक्रम में जाले मंडल अध्यक्ष बिपिन पाठक, अजीत प्रसाद, अशेश्वर प्रसाद आजाद, प्रमुख फूलो बैठा, राढ़ी पूर्वी मुखिया सुजीत सहनी, पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. इंद्रशेखर ठाकुर, विनय सिंह, ज्वाला चंद्र चौधरी, सुनील सिंह, राजू ठाकुर, रिंकी देवी, मनीष साह, जयेंद्र ठाकुर राजा, रूपेश सिंह रेशम आदि उपस्थित थे।

