
चोरी के सामान के साथ दो युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
दरभंगा: सिंहवाड़ा के कलिगांव से चोरी हुई एम्प्लीफायर मशीन व डीजे मिक्सर के साथ ग्रामीणों ने मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के अनखौली निवासी रजाउल्लाह खान को रविवार को पकड़ लिया। चोरी का सामान खरीदने वाला उक्त युवक खराब एंप्लीफायर को भरवाड़ा में ही ठीक कराने आया था। वहां दुकानदार सहित अन्य लोगों ने एंप्लीफायर एवं डीजे सेट को पहचान लिया।
ग्रामीणों ने उक्त युवक को सिंहवाड़ा पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं दूसरी ओर चोरी के आरोप में ही कमतौल थाना क्षेत्र के बरैल से मो. जूही को पुलिस ने उसके गांव में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। कलिगांव के टेंट संचालक सोनू झा ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के अलावा कलिगांव के सतीश दास व दो अज्ञात को नामजद किया है। पुलिस को दिए आवेदन में उसने कहा है कि गत 12 अक्तूबर को उसके यहां से एम्प्लीफायर व साउंड मिक्सर की चोरी हो गई थी। भरवाड़ा स्थित दुर्गा रिपेयरिंग सेंटर पर जाने पर उसने एम्प्लीफायर को देखने पर दुकानदार से उसके संबंध में पूछताछ की। तब दुकानदार ने बताया कि उसे रजाउल्लाह खान रिपेयरिंग कराने लाया है। वह दुकान पर ही मौजूद था।

टेंट संचालक ने अपने एम्प्लीफायर की पहचान कर रजाउल्लाह को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। उसकी निशानदेही पर बरैल से जूही को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि जूही के खिलाफ विभन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। पूर्व में वह जेल भी जा चुका है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सहयोगियों के साथ बैटरी व मोटर पंप की चोरी में सभी शामिल हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

