
शराब बरामदगी मामले में अग्रतर कारवाई एवं अनुसंधान में लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष निलंबित।
देखिए वीडियो भी
दरभंगा: शराबबंदी कानून को लागू करने में असफल होने की सजा में एक और थानेदार को थानेदारी से हाथ धोना पड़ा है। हालांकि दस वर्षों तक थानेदारी नहीं मिलने की घोषणा ढकोसला के सिवा कुछ नहीं रह जाने से थानेदारों में भी अब भय नहीं रहा, इसलिए शायद अब थानेदार भी इस मामले में हुए निलंबन को आम निलंबन की तरह सामान्य रूप से लेने लगे हैं। महीने दो महीने बीतते बीतते पुनः थानेदारी मिल ही जाती है।

इसी कड़ी में सोमवार को दरभंगा के प्रभारी एसएसपी अशोक कुमार प्रसाद ने एपीएम थानाध्यक्ष डीएन राम को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया गत 24 25 जनवरी की रात्रि में थानाक्षेत्र में हुए शराब बरामदगी के मामले में अग्रतर कारवाई एवं अनुसंधान में लापरवाही बरतने के आरोप में डीएन राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि थानाक्षेत्र में एक ट्रक शराब बरामद हुआ था। इस मामले में न तो अभीतक अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है और न ही पहचान हुई है। इसकी समीक्षा के उपरांत स्पष्ट रूप से थानाध्यक्ष की लापरवाही पायी गयी है। अतः उन्हें निलंबित किया गया है।

